रोमी सिंह/ रमोला न्यूज़
पंचकूला, 23 मई : जननायक जनता पार्टी के पंचकूला जिला अध्यक्ष ओ पी सिहाग एवं महिला प्रदेश प्रभारी डॉक्टर किरण पूनिया ने एक सयुंक्त बयान में कहा कि सरकार द्वारा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत गरीब परिवारों के मरीजों के लिए मुफ्त इलाज कराने के लिये सरकारी एवं प्राइवेट हस्पतालो में जो सुविधाएं देनी शुरू की थी अब वो हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की कारगुजारियों के कारण बंद होने के कगार पर है। ओ पी सिहाग ने कहा कि प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने प्राइवेट हस्पतालो तथा पंचकूला सिविल हस्पताल में उपरोक्त योजना के अंतर्गत पी पी पी मोड कार्य कर रहे मेडिट्रीना हार्ट सेंटर की करोडों की बकाया राशि नहीं दी है जिसके कारण वो गरीब लोगों का मुफ्त किए जाने वाले इलाज को 5 जून से बंद करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई महीने पहले भी इंडियन मेडिकल एसोसिएशन एवं प्राइवेट हॉस्पिटलज के संचालकों ने उनकी करोडों रुपये की बकाया राशि हरियाणा सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी न किए जाने से मुफ्त इलाज करना रोका था।
ओ पी सिहाग एवं किरण पूनिया ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी जानबूझकर कर आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड धारको का प्राइवेट हस्पतालो द्वारा मुफ्त इलाज करने के बदले में सरकार द्वारा जो भुगतान किया जाता है , उसको किसी न किसी बहाने से रोकने का काम कर हैं । सिहाग ने कहा कि प्राइवेट हस्पताल बकाया राशि जो उनका हक है न मिलने पर काम बंद करने का फैसला लेने के हकदार हैं क्योंकि आयुष्मान योजना के अनुसार उन्होंने सरकार के साथ जो अनुबंध किया है उसकी शर्तों के मुताबिक उनकी बकाया राशि का भुगतान 15 दिन के भीतर करने का प्रावधान है परंतु उनकी करोडों रुपये की बकाया राशि 4 -5 महीनों से नहीं की जा रही है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि कुछ बड़े अधिकारी जानबूझकर उनके भुगतान पर आपत्तियां लगाकर उनकी पेमेंट को लटका रहे हैं। जजपा नेताओं ने कहा कि ऐसी चर्चायें भी है कि प्राइवेट हस्पतालो का बिल पास कराने के लिये मोटा कमीशन भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा माँगा जा रहा है।
जजपा ज़िला अध्यक्ष ओ पी सिहाग एवं डॉक्टर किरण पूनिया ने कहा कि गरीब लोगों के मुफ्त इलाज के लिए लाई गई आयुष्मान योजना को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ही पलीता लगाने का काम कर रहे हैं। लगता है स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी बेलगाम हो चुके हैं वो बीजेपी सरकार के आदेशों या उसकी जनहित की स्कीमों की तनिक भी प्रवाह नहीं कर रहे हैं। ओ पी सिहाग एवं किरण पूनिया ने प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि वो इस मामले तुरंत दखल देकर संबंधित अधिकारियों को आदेश दे कि पंचकूला के प्राइवेट हस्पतालो एवं सिविल हस्पताल पंचकूला में पी पी पी मोड पर काम कर रहे मेडिट्रीना हार्ट सेंटर की जो भी जायज बकाया राशि है उसका भुगतान तुरंत करे ताकि पंचकूला के सेंकड़ों गरीब लोग जो विभिन्न गम्भीर बीमारियो से ग्रस्त हैं, सरकार की आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत मुफ्त में अपना इलाज समय पर करा सके।
