हरियाणा महिला विकास निगम की नवनियुक्त चेयरपर्सन सुनीता डांगी ने कार्यभार संभाला

रोमी सिंह/ रमोला न्यूज़

पंचकूला, 4 जून : हरियाणा महिला विकास निगम की नवनियुक्त चेयरपर्सन सुनीता डांगी ने पंचकूला सेक्टर-14 स्थित कार्यालय में भारी समर्थकांे के बीच कार्यभार ग्रहण किया।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री विकास एवं पंचायत विभाग कृष्ण लाल पंवार, कैबिनेट मंत्री महिला एवं बाल विकास श्रुति चौधरी , प्रदेश प्रभारी डॉ सतीश पुनिया, प्रदेश संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पुनिया, हरियाणा महिला विकास निगम की प्रबंध निदेशक मोनिका मलिक, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, महापौर श्याम लाल बंसल, सीड कॉर्पोरेशन के चेयरमैन देव कुमार शर्मा, शिवालिक विकास बोर्ड के वाईस चेयरमैन ओमप्रकाश देवीनगर, जिला अध्यक्ष चरखी दादरी सुनील इंजीनियर, भाजपा नेत्री नेहा धवन, हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की पूर्व चेयरपर्सन रंजीता मेहता, जिला प्रवक्ता संजीव कौशल, जिला मीडिया इंचार्ज के. चंदन
सहित भाजपा पदाधिकारियों, जन प्रतिनिधियों, महिला विकास निगम के कर्मचारियों एवं शुभचिंतकों ने नवनियुक्त चेयरपर्सन सुनीता डांगी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

कार्यभार ग्रहण के उपरांत हरियाणा महिला विकास निगम की नवनियुक्त चेयरपर्सन सुनीता डांगी ने अपने इस नए दायित्व के लिए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे हरियाणा की प्रत्येक महिला के उत्थान एवं सशक्तिकरण के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि महिला विकास निगम की विभिन्न योजनाओं को प्रदेश के कोने-कोने तक पहुँचाना उनकी प्राथमिकता होगी, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

श्रीमती डांगी ने यह भी स्पष्ट किया कि निगम के अंतर्गत चल रही स्वरोजगार योजनाओं, कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं वित्तीय सहायता योजनाओं को और अधिक सुलभ व प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं तक योजनाओं की जानकारी शिविरों एवं जागरूकता अभियानों के माध्यम से पहुँचाई जाएगी। उन्होंने बताया कि महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देने के लिए विशेष कार्यक्रम चलाए जाएंगे ताकि प्रदेश की महिलाएँ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की भावना को और अधिक सशक्त करते हुए महिला शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रमों को भी गति दी जाएगी।

सुनीता डांगी ने कहा कि हरियाणा की नारी शक्ति हमारी असली ताकत है, उनका प्रयास होगा कि प्रत्येक महिला सम्मान, सुरक्षा और स्वावलम्बन के साथ अपना जीवन व्यतीत करे। सरकार की समस्त कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति की महिला तक पहुँचाना उनका लक्ष्य है।

इस अवसर पर महिला विकास निगम के सभी कर्मचारियों ने सुनीता डांगी के चेयरपर्सन नियुक्त किये जाने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा की श्रीमती डांगी के सामाजिक कार्यों एवं राजनीतिक अनुभवों का व्यापक लाभ निगम को मिलेगा। सभी ने उनके नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि सुनीता डांगी के मार्गदर्शन में हरियाणा महिला विकास निगम महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में नये कीर्तिमान स्थापित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *