बरवाला, 6 जून, :देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा भारत के प्रधानमंत्री पद पर सर्वाधिक समय तक लगातार कार्य करने के मामले में पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ने के उपलक्ष्य में आज बारवाला अनाज मंडी में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंचकूला जिले से बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री ज्ञानचंद गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में श्री ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने 12 वर्षों के कार्यकाल में अनेक ऐतिहासिक एवं साहसिक निर्णय लेकर देशवासियों से किए गए अपने संकल्पों को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, जम्मू-कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति, तीन तलाक कानून का उन्मूलन, नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA), महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने वाला नारी शक्ति वंदन अधिनियम तथा भारत की वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान जैसे अनेक महत्वपूर्ण कार्य प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में संभव हुए हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। हर घर जल योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों तक नल से पेयजल पहुंचाया गया है। उज्ज्वला योजना के तहत गरीब परिवारों की महिलाओं को गैस कनेक्शन उपलब्ध करवाए गए हैं। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन तथा जनधन योजना जैसी योजनाओं ने देश के करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।
इस अवसर पर श्री ज्ञानचंद गुप्ता ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण भी किया। उन्होंने सभी उपस्थित नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक पेड़ लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान श्री ज्ञानचंद गुप्ता ने मार्केट कमेटी बारवाला के चेयरमैन श्री देशराज पोसवाल एवं भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में दिव्यांगजन सशक्तिकरण की दिशा में एक विशेष पहल करते हुए श्री सुषिल कुमार पुत्र मामाचंद को दिव्यांग ट्राईसाइकिल भेंट की।
इस अवसर पर अनाज मंडी में सर्वाधिक 1000 क्विंटल गेहूं लेकर आने वाले किसान सरदार गुरमुख सिंह निवासी मौली तथा सबसे कम 6 क्विंटल गेहूं लेकर आने वाले किसान श्री हुक्म सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। श्री हुक्म सिंह ने इस सम्मान के लिए आयोजकों एवं भाजपा नेतृत्व का विशेष आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मार्केट कमेटी बारवाला के चेयरमैन श्री देशराज पोसवाल, भाजपा प्रदेश सचिव श्री राहुल राणा, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र संधू, बीडीसी चेयरमैन राजीव राठौर, बारवाला सरपंच ओम सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष गौतम राणा, सरपंच परमजीत राणा (सुल्तानपुर), पंचकूला मार्केट कमेटी चेयरमैन सुरेंद्र शर्मा, मंडल महामंत्री राहुल राणा, देवेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
