रोमी सिंह/ रमोला न्यूज़
पंचकूला, 6 जून। सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में बाला सुंदरी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित दो दिवसीय श्री बालाजी महाराज के भव्य एवं दिव्य दरबार का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा के बीच हुआ। दरबार में श्री बालाजी धाम, हांसी के प्रख्यात संत महंत दिनेश पुरी महाराज ने हजारों श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया तथा उनकी समस्याओं का समाधान कर उन्हें आध्यात्मिक मार्गदर्शन दिया।
दरबार में दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने अपनी समस्याएं पर्चियों के माध्यम से प्रस्तुत कीं। महंत दिनेश पुरी महाराज ने श्री बालाजी महाराज की कृपा से श्रद्धालुओं को नाम लेकर बुलाया और उनकी व्यक्तिगत, पारिवारिक, सामाजिक तथा अन्य समस्याओं को सुनकर उनके समाधान और आवश्यक उपाय बताए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गहरी आस्था और विश्वास के साथ महाराज जी के दिव्य वचनों का लाभ प्राप्त किया।
महंत दिनेश पुरी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि सच्ची श्रद्धा, भक्ति, सेवा और सद्कर्मों के माध्यम से व्यक्ति जीवन की कठिनाइयों पर विजय प्राप्त कर सकता है। उन्होंने लोगों को मानव सेवा, परोपकार और धार्मिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया।
आयोजन में प्रदेश के अनेक सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे और उन्होंने श्री बालाजी महाराज के चरणों में शीश नवाकर महंत दिनेश पुरी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे ऑडिटोरियम में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालु जयकारों से वातावरण को गुंजायमान करते रहे।
आयोजकों ने बताया कि 7 जून को भी दिव्य दरबार जारी रहेगा। इसी अवसर पर सुदेश भंडारी चैरिटेबल ट्रस्ट के सौजन्य से शाम 4 बजे से विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने युवाओं और क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने और इस पुण्य कार्य में भागीदार बनने की अपील की।
इस अवसर पर नव निर्वाचित पार्षद अनुराधा पुरी, आशीष जांगड़ा, पार्षद दीपक गर्ग, मुकेश सिंगला, विकास गोयल, संदीप गुप्ता, राकेश बिट्टू, नरेश गोयल, अजय, मुदित, चारु, सोनिया, नरेश मित्तल सांवरा, अक्षय कौशिक, सुरिंदर गोयल, अनीश अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
आयोजकों ने कहा कि यह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि अध्यात्म, सेवा और समाज कल्याण का एक अनूठा संगम है, जिससे हजारों श्रद्धालु लाभान्वित हो रहे हैं
पंचकूला में सजा श्री बालाजी महाराज का दिव्य दरबार, महंत दिनेश पुरी महाराज ने श्रद्धालुओं की समस्याओं का किया समाधान
