शहीदों के सरताज श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर राज्यपाल ने गुरुद्वारा श्री नाडा साहिब में टेका माथा

 

सुमेश कुमार/ रमोला न्यूज़

चंडीगढ़, 18 जून:

पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया ने आज पांचवें सिख गुरु, शहीदों के सरताज श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस के अवसर पर पंचकूला स्थित गुरुद्वारा श्री नाडा साहिब में माथा टेककर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं मानव कल्याण की कामना की।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि श्री गुरु अर्जुन देव जी का बलिदान सत्य, मानवता, धार्मिक स्वतंत्रता और सर्वधर्म समभाव की रक्षा के लिए दिया गया एक अद्वितीय उदाहरण है, जो युगों-युगों तक समाज को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब का जीवन त्याग, सेवा, धैर्य और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है।

श्री कटारिया ने कहा कि गुरु अर्जुन देव जी ने आदि ग्रंथ का महान संकलन कर प्रथम पांच गुरुओं की वाणी के साथ-साथ संतों, भगतों एवं भट्टों की वाणी को भी उसमें स्थान दिया, जिससे मानवता को एकता, समानता और आध्यात्मिक ज्ञान का सार्वभौमिक संदेश प्राप्त हुआ। उन्होंने आगे कहा कि दशम गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी ने नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी की वाणी को शामिल कर इस पवित्र ग्रंथ को पूर्ण स्वरूप प्रदान किया, जो आज श्री गुरु ग्रंथ साहिब के रूप में समस्त मानवता का मार्गदर्शन कर रहा है।

राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से गुरु साहिब की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने तथा प्रेम, भाईचारे, सेवा और सामाजिक सद्भाव के मूल्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *