14 गौ रक्षकों को सुनाई गई उम्रकैद के विरोध में गौ रक्षा परिषद का रोष प्रदर्शन

रोमी सिंह/ रमोला न्यूज़
पंचकूला, 21 जून। मध्य प्रदेश में 14 गौ रक्षकों को सुनाई गई उम्रकैद की सजा के विरोध में आज गौ रक्षा परिषद द्वारा सेक्टर-20 स्थित न्यू चौक पर विशाल रोष प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में गौ भक्तों, गौ सेवकों एवं सनातन धर्म प्रेमियों ने भाग लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।

इस अवसर पर गौ रक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष परम पूज्य श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी विश्वामित्रानंद गिरि जी महाराज ने कहा कि गौ रक्षा भारतीय संस्कृति, परंपरा और आस्था से जुड़ा विषय है तथा गौ रक्षकों को अपराधियों की भांति दंडित किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने संबंधित प्रकरण में दोषी ठहराए गए 14 गौ रक्षकों को न्याय प्रदान करने तथा उनकी रिहाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान परिषद कार्यकर्ताओं ने न्यायालय के निर्णय के विरुद्ध अपना लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण विरोध व्यक्त किया। इस अवसर पर परिषद द्वारा सेक्टर-20 स्थित न्यू चौक को “गौ माता चौक” घोषित किया गया। परिषद पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी समय में इस चौक पर गौ माता की भव्य प्रतिमा स्थापित करवाने के लिए प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से संपर्क किया जाएगा तथा जनसमर्थन अभियान भी चलाया जाएगा।

स्वामी विश्वामित्रानंद गिरि जी महाराज ने कहा कि देशभर के गौ भक्तों को गौ संरक्षण एवं संवर्धन के लिए संगठित होकर कार्य करना होगा तथा गौ रक्षकों के सम्मान और सुरक्षा के लिए प्रभावी कानून बनाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि गौ रक्षा केवल धार्मिक विषय नहीं, बल्कि भारतीय कृषि, पर्यावरण और संस्कृति से भी जुड़ा हुआ राष्ट्रीय विषय है।

इस अवसर पर गौ रक्षा परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री सुरेश गिल, राष्ट्रीय महामंत्री महंत शोभादास जी महाराज, प्रदेश महामंत्री श्री विनीत वर्मा, प्रदेश मंत्री श्री शेखर ठाकुर, जिला कोषाध्यक्ष श्री कृष्ण, जिला मंत्री श्री मनीष, श्री हंसराज शर्मा, श्री शुभम, श्री सोनू, श्री करण, श्री मोहित सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गौ भक्त उपस्थित रहे।

अंत में सभी उपस्थित जनों ने गौ माता के सम्मान, गौ संरक्षण एवं गौ रक्षकों के समर्थन में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *