विक्रांत शर्मा /रमोला न्यूज़ ब्यूरो
पंचकूला।
सतलुज पब्लिक स्कूल, सेक्टर-4, पंचकूला की कक्षा आठवीं ऑर्किड की छात्रा ओजस्विनी महाजन ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और कड़ी मेहनत के बल पर गोल्फ के क्षेत्र में शानदार उपलब्धियां हासिल कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।
ओजस्विनी ने 12 जून 2026 को चंडीगढ़ गोल्फ क्लब में आयोजित ट्री बॉक्स जूनियर गोल्फ सीरीज 2026 में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके बाद 3 से 5 जुलाई 2026 तक अंबाला के केप्टा गोल्फ कोर्स में आयोजित इंडियन गोल्फ यूनियन नॉर्थ ज़ोन जूनियर एवं सब-जूनियर चैंपियनशिप 2026 में भी प्रथम स्थान हासिल कर एक और स्वर्ण पदक जीता। वहीं 2 से 3 मई 2026 को मोहाली के फॉरेस्ट हिल रिजॉर्ट में आयोजित इसी चैंपियनशिप में द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक अपने नाम किया।
विद्यालय प्रबंधन ने ओजस्विनी की इन उपलब्धियों को सतलुज परिवार के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित न रखकर खेल, नेतृत्व और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
सतलुज ग्रुप ऑफ स्कूल्स के प्रबंध निदेशक श्री रीकृत सेराय ने ओजस्विनी को बधाई देते हुए कहा कि, “सतलुज में हम ऐसे विद्यार्थियों का निर्माण करने का प्रयास करते हैं जो निडर होकर सपने देखें, ईमानदारी के साथ प्रतिस्पर्धा करें और उत्कृष्टता के साथ नेतृत्व करें। ओजस्विनी की शानदार उपलब्धियां उनके दृढ़ संकल्प, अनुशासन और उन मूल्यों का प्रमाण हैं जिन्हें हम प्रत्येक विद्यार्थी में विकसित करने का प्रयास करते हैं। हम उन्हें इस सफलता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।”
विद्यालय परिवार ने ओजस्विनी, उनके माता-पिता, प्रशिक्षकों एवं मार्गदर्शकों को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश और विद्यालय का नाम रोशन करेंगी।
