बिजली लाइनों व उपकरणों से छेड़छाड़ न करें उपभोक्ता : यूएचबीवीएन की अपील

 

पंचकूला , 24 जुलाई : उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम ने किसानों एवं आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिजली की लाइनों, ट्रांसफार्मरों तथा अन्य विद्युत उपकरणों से स्वयं छेड़छाड़ न करें और न ही उन्हें स्वयं ठीक करने का प्रयास करें।

निगम के प्रवक्ता ने बताया कि देखने में आ रहा है कि कुछ किसान एवं आम उपभोक्ता स्वयं ही बिजली फॉल्ट ठीक करने का प्रयास करते हैं। कई बार वे बिना आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाए बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मरों पर भी चढ़ने का प्रयास करते हैं । इससे बिजली संबंधी दुर्घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है।

प्रवक्ता ने किसानों व आम उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे सभी स्वयं बिजली उपकरणों को ठीक करने से बचें तथा अपनी बिजली से संबंधित शिकायत को ऑनलाइन माध्यमों जैसे यूएचबीवीएन समस्त ऐप, टोल फ्री नंबर 1912, 1800-180-1550 अथवा अपने नजदीकी बिजली कार्यालय में जाकर दर्ज करें । निगम के कर्मचारी तकनीकी रूप से सक्षम होते हैं और उन्हें इस प्रकार के कार्यों के लिए विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाता है ।

उन्होंने कहा कि बिजली निगम आम जनता से सहयोग की अपील करता है कि वे स्वयं जोखिम उठाने के बजाय निर्धारित माध्यमों से शिकायत दर्ज कराएं, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके और सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *