पार्वती रमोला
चंडीगढ़ , 29 जुलाई -हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जालंधर स्थित बाबा मोहन दास आश्रम पहुंचे। उन्होंने बाबा मोहन दास जी की प्रतिमा का अनावरण किया तथा विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि संत महापुरुष भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा के आधार स्तंभ हैं। उन्होंने अपने जीवन को मानव सेवा, परोपकार, प्रेम, भाईचारे और लोककल्याण के लिए समर्पित किया। उनके आदर्श समाज को सदैव सही दिशा दिखाते हैं और सभी को सेवा तथा मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा मोहन दास जी का जीवन त्याग, तपस्या और जनसेवा का प्रतीक रहा है। उनके विचार आज भी समाज में सामाजिक समरसता, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बाबा मोहन दास जी की प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी तथा उनके आदर्श समाज में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली का संदेश निरंतर फैलाते रहेंगे।
