रमोला न्यूज नौगांव: विश्व स्तनपान सप्ताह (1 से 8 अगस्त) के तहत गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव की ओर से नगर पंचायत नौगांव के वार्ड नंबर-3 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एएनएम पूजा परमार राणा ने गर्भवती महिलाओं एवं नई माताओं को स्तनपान के महत्व और इसके स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जन्म के तुरंत बाद मां का शुरुआती गाढ़ा पीला दूध (कोलोस्ट्रम) नवजात के लिए अमृत समान होता है। यह बच्चे के शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने के साथ संक्रमण से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नियमित स्तनपान से शिशु का शारीरिक एवं मानसिक विकास बेहतर होता है और उसका आईक्यू स्तर भी सकारात्मक रूप से प्रभावित होता है।
उन्होंने बताया कि स्तनपान केवल शिशु के लिए ही नहीं, बल्कि मां के स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक है। इससे प्रसव के बाद गर्भाशय को सामान्य आकार में आने में सहायता मिलती है, वजन नियंत्रित रहता है तथा स्तन कैंसर और टाइप-2 डायबिटीज जैसी बीमारियों का खतरा कम होता है। साथ ही मां और शिशु के बीच भावनात्मक संबंध भी अधिक मजबूत बनते हैं।
कार्यक्रम में वार्ड नंबर-3 की सभासद श्रीमती सुनीता असवाल ने भी उपस्थित महिलाओं को स्तनपान के लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों के लिए अपने व्यक्तिगत स्तर पर जलपान की व्यवस्था भी कराई।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री श्रीमती मंजू राणा, आशा कार्यकत्री श्रीमती ऊषा अग्रवाल, रमीनबाला, ज्योति रावत, अलीजा रावत सहित गर्भवती महिलाएं एवं नई माताएं उपस्थित रहीं।
विश्व स्तनपान सप्ताह: गोष्ठी में गर्भवती व नई माताओं को स्तनपान के बताए लाभ

