रमोला न्यूज़ ब्यूरो
नौगांव: यमुना और टोंस नदी के किनारे बसे जौनसार-बावर क्षेत्र के गांवों में बरसात के दौरान होने वाले भू-कटाव और बाढ़ से किसानों की उपजाऊ भूमि को बचाने के लिए भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की विशेष आमंत्रित सदस्य बचना शर्मा ने कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज को मांगपत्र सौंपा। उन्होंने लाखामंडल समेत चकराता और कालसी ब्लाक के विभिन्न गांवों में तटबंध, रिटेनिंग वाल, सुरक्षा दीवार और चेकडैम निर्माण की मांग की है।
मांगपत्र में बचना शर्मा ने बताया कि यमुना और टोंस नदी के किनारे बसे लाखामंडल, सेरा, धौरा, पुड़िया, पंणखेत, चामा, गाता, कुन्ना, मुंऊडा, कांडोई, मौंठी, छुल्टाड़, गोढाड़, कांडी, मुनोग, लावड़ी, दधरोटा, नाडा, गंधसार, राडकोटी और मिगाड़ सहित कई गांवों में हर वर्ष बरसात के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने से खेतों में कटाव होता है। सुरक्षा दीवार और तटबंध नहीं होने के कारण सैकड़ों बीघा उपजाऊ कृषि भूमि नदी में समा रही है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मजबूत तटबंध, बाढ़ सुरक्षा दीवार और चेकडैम बनाए जाने से कृषि भूमि को सुरक्षित करने के साथ ही हजारों किसान परिवारों की आजीविका को भी बचाया जा सकेगा।
मंत्री ने मुख्य अभियंता को भेजा मांगपत्र
भाजपा नेत्री के अनुसार कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने मांगपत्र पर तत्काल संज्ञान लेते हुए उसे सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता को अग्रेषित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि विभागीय टीम जल्द ही चकराता, कालसी, लाखामंडल और जौनसार-बावर क्षेत्र का स्थलीय सर्वे कर सकती है। मंत्री की ओर से त्वरित कार्रवाई किए जाने पर क्षेत्र के किसानों में खुशी है।
बचना शर्मा ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर ओम प्रकाश, पूर्व युवा मोर्चा मीडिया प्रभारी दीवान सिंह, सुरेश शर्मा, नरेश बहुगुणा, लोक गायक एवं आर्य संतराम शर्मा, मीरा बहुगुणा, पीरु, घनश्याम आदि के हस्ताक्षर भी मांगपत्र पर मौजूद रहे।

