संस्कृत के रंग में रंगेगा राइंका आराकोट 24-25 सितंबर को होगी खंड स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता, छह विधाओं में प्रतिभा दिखाएंगे मोरी के विद्यार्थी

नौगांव: मोरी विकासखंड में 24 और 25 सितंबर को संस्कृत भाषा और भारतीय संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम् के तत्वावधान में अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज आराकोट में खंड स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय आयोजन में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं संस्कृत की छह विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग में आयोजित होगी। इसमें विद्यार्थी संस्कृत नाटक, संस्कृत समूहगान, संस्कृत नृत्य, आशुभाषण, संस्कृत वाद-विवाद और श्लोकोच्चारण में प्रतिभाग करेंगे। संस्कृत के श्लोकों से लेकर नाटक, गीत और नृत्य तक आराकोट का विद्यालय परिसर दो दिनों तक संस्कृतमय नजर आएगा।
संस्कृत के प्रति रुचि जगाना उद्देश्य
आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा के प्रति रुचि और उत्साह पैदा करने के साथ ही संस्कृत के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्र-छात्राओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा और अभिव्यक्ति का मंच मिलेगा। साथ ही नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के खंड संयोजक प्रवेश तिवारी, प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज आराकोट होंगे। खंड शिक्षाधिकारी पंकज कुमार एवं राजकीय इंटर कॉलेज आराकोट के प्रधानाचार्य राम प्रकाश शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
विद्यार्थियों का बढ़ाएं हौसला
आयोजन समिति ने मोरी विकासखंड के सभी विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों, विद्यार्थियों, संस्कृत प्रेमियों और क्षेत्रवासियों से प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।
दो दिनों तक होने वाली यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों को संस्कृत की विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ ही आराकोट क्षेत्र में संस्कृत भाषा और भारतीय संस्कृति के प्रति नई ऊर्जा का संचार करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *