रमोला न्यूज/ नौगांव:
शिक्षा के साथ-साथ खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकासखंड चकराता की ब्लॉक स्तरीय दो दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य आयोजन लाखामंडल स्थित सेरा मिनी स्टेडियम में बड़े हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस खेल महाकुंभ में चकराता ब्लॉक के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों (कक्षा 1 से 8वीं तक) के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। नन्हे-मुन्ने खिलाड़ियों ने कबड्डी, खो-खो, दौड़ और लंबी कूद सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपना शानदार दमखम और खेल कौशल दिखाया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ और संचालन क्षेत्र की तीन प्रमुख सशक्त, शिक्षित और प्रेरणादायी महिलाओं के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम लाखामंडल की युवा शिक्षिका व समाजसेवी नैंसी शर्मा, ग्राम प्रधान बीना भट्ट तथा प्रीतम मेमोरियल स्कूल की प्रधानाचार्या सरिता पंवार उपस्थित रहीं।
नैंसी शर्मा ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षा और खेल के महत्व पर प्रकाश डाला।
बीना भट्ट ने बच्चों को खेल को सदैव खेल की भावना से खेलने का संदेश दिया।
सरिता पवार ने अपने कुशल मार्गदर्शन से बच्चों को अनुशासित रहकर जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
इस आयोजन को सफल बनाने में कार्यक्रम संयोजिका एवं उप शिक्षा अधिकारी (चकराता) श्रीमती शिवानी कौशल, ब्लॉक खेल समन्वयक सार सिंह चौहान, सह-समन्वयक रमेश चन्द्र शर्मा, प्रा० शि० संघ की ब्लॉक अध्यक्ष संगीता चौहान और उ० प्रा० शि० संघ के ब्लॉक अध्यक्ष मोहन लाल शर्मा का विशेष योगदान और अथक प्रयास सराहनीय रहा।
प्रतियोगिता के दौरान चकराता ब्लॉक के विभिन्न स्कूलों के शिक्षक-शिक्षिकाओं और स्थानीय अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अभिभावकों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंचों से पर्वतीय क्षेत्र के बच्चों की छिपी हुई प्रतिभा को निखारने का सुनहरा अवसर मिलता है। समापन पर अतिथियों द्वारा विजेता व प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

