नौगांव : आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर गोड़र पट्टी में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। पुरोला विधानसभा क्षेत्र से विधायक प्रत्याशी के रूप में दावेदारी कर रहे कंडारी गांव निवासी युवा समाजसेवी महावीर शाह के समर्थन और क्षेत्रवासियों की राय जानने के लिए गोड़र पट्टी के ग्राम गातू में 27 गांवों की महापंचायत आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न गांवों से ग्रामीणों, स्याणाओं, ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, पूर्व जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध लोगों ने प्रतिभाग किया।
महापंचायत में महावीर शाह की आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की दावेदारी को लेकर गांव-गांव से पहुंचे प्रतिनिधियों ने विचार-विमर्श किया और अपने सुझाव रखे। वक्ताओं ने कहा कि गोड़र पट्टी को अब तक विधानसभा स्तर पर अपने क्षेत्र से प्रतिनिधित्व का अवसर नहीं मिल पाया है। ऐसे में क्षेत्र के युवा समाजसेवी महावीर शाह ने चुनाव लड़ने की दावेदारी और संकल्प लिया है, जिस पर क्षेत्रवासियों के बीच चर्चा जरूरी है।
बैठक में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि यदि महावीर शाह विधानसभा चुनाव में दावेदारी करते हैं तो क्षेत्रवासी उनके साथ सहयोग और समर्थन के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। इस दौरान विभिन्न गांवों के प्रतिनिधियों ने क्षेत्र की समस्याओं, विकास और प्रभावी प्रतिनिधित्व से जुड़े विषयों पर भी अपने विचार रखे।
महापंचायत में मिले समर्थन और सुझावों के लिए महावीर शाह ने क्षेत्रवासियों का अभिनंदन करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों ने जिस विश्वास और अपनत्व के साथ अपने विचार रखे हैं, वह उनके लिए महत्वपूर्ण है।
बैठक में 27 गांवों के ग्रामीणों के साथ ग्राम स्याणागण, ग्राम पंचायत प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, पूर्व जनप्रतिनिधि एवं प्रबुद्धजन मौजूद रहे।

