नमो क्रिकेट लीग के फाइनल में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल होंगे मुख्य अतिथि, बी. प्राक की आवाज पर झूमेंगा पंचकूला

 

कोमल रमोला
रमोला न्यूज़ ब्यूरो
पंचकूला, 4 अक्टूबर। सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम आज क्रिकेट के जुनून, युवा ऊर्जा और संगीत की सुरमयी शाम का गवाह बनेगा। सुदेश भंडारी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित नमो क्रिकेट लीग-2026 का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला आज पूरे रोमांच के साथ खेला जाएगा। देशभर के खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें अब उस ऐतिहासिक मुकाबले पर टिकी हैं, जहां मैदान पर उतरने वाली टीमें खिताब अपने नाम करने के लिए पूरी ताकत झोंकेंगी।
फाइनल समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वहीं क्रिकेट के रोमांच को संगीत का रंग देने के लिए संगीत जगत की मशहूर हस्ती बी. प्राक अपनी शानदार प्रस्तुति देंगे। ऐसे में ताऊ देवी लाल स्टेडियम में आज खेल और संगीत का ऐसा संगम देखने को मिलेगा, जिसे पंचकूला लंबे समय तक याद रखेगा।
नमो क्रिकेट लीग की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि इसने युवाओं को केवल क्रिकेट का मंच ही नहीं दिया, बल्कि खेलों के माध्यम से नशे से दूर रहने और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का संदेश भी दिया। देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में टीमों ने इस लीग में हिस्सा लिया और खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। लीग के दौरान मैदान पर खिलाड़ियों का जोश और दर्शकों का उत्साह देखते ही बनता रहा।
विजेता पर 21 लाख की बारिश
फाइनल मुकाबले के साथ खिलाड़ियों के लिए पुरस्कारों की भी बड़ी सौगात रखी गई है। विजेता टीम को 21 लाख रुपये, उपविजेता को 11 लाख रुपये, तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 5 लाख रुपये तथा चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को 2.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अतिरिक्त शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जाएगा।
इससे खिलाड़ियों में फाइनल मुकाबले को लेकर और भी उत्साह है। मैदान पर हर गेंद, हर रन और हर विकेट के साथ रोमांच बढ़ने की उम्मीद है।
तरुण भंडारी बोले—युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देना उद्देश्य
सुदेश भंडारी चैरिटेबल ट्रस्ट के संयोजक एवं मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी ने कहा कि नमो क्रिकेट लीग का उद्देश्य केवल एक क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं था, बल्कि युवाओं की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा प्रदान करना था। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, मेहनत, टीम भावना और नेतृत्व की सीख देता है।
उन्होंने कहा कि लीग को जिस तरह खिलाड़ियों और जनता का प्यार मिला है, वह आयोजकों के लिए उत्साहवर्धक है। फाइनल मुकाबले को भी भव्य और यादगार बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मुकेश सिंगला ने कहा—फाइनल बनेगा यादगार शाम
सुदेश भंडारी चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रवक्ता मुकेश सिंगला ने कहा कि फाइनल मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने कहा कि आज ताऊ देवी लाल स्टेडियम में क्रिकेट प्रेमियों को जहां मैदान पर हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिलेगा, वहीं बी. प्राक की प्रस्तुति कार्यक्रम में संगीत का रंग भर देगी।
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है और आयोजन को लेकर सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने पंचकूला सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएं।
खेल के साथ सामाजिक संदेश भी बना लीग की पहचान
नमो क्रिकेट लीग ने पूरे आयोजन के दौरान युवाओं को खेलों से जोड़ने का संदेश दिया। आयोजकों का कहना है कि जब युवा मैदान में अपना समय और ऊर्जा लगाते हैं तो उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। यही सोच इस पूरी लीग के पीछे रही।
आज फाइनल मुकाबले में एक ओर खिलाड़ी ट्रॉफी और लाखों रुपये की इनामी राशि के लिए मैदान में पसीना बहाएंगे, वहीं दूसरी ओर दर्शकों को संगीत की दुनिया के लोकप्रिय कलाकार बी. प्राक की प्रस्तुति का आनंद मिलेगा।
यानी आज पंचकूला में क्रिकेट का रोमांच भी होगा, सितारों की मौजूदगी भी होगी और संगीत की महफिल भी सजेगी। अब इंतजार है उस ऐतिहासिक पल का, जब फाइनल मुकाबले के बाद नमो क्रिकेट लीग-2026 की विजेता टीम ट्रॉफी उठाकर अपनी जीत का जश्न मनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *