35 फीट के रावण के दहन के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश, दशहरा देखने उमड़ा जनसैलाब

कोमल रमोला
रमोला न्यूज़ ब्यूरो
मोहाली। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा मंगलवार को रामलीला एवं दशहरा ग्राउंड, फेज-1, मोहाली में धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। श्री रामलीला एवं दशहरा कमेटी की ओर से आयोजित समारोह में 35 फीट ऊंचे रावण के पुतले के दहन के साथ मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों को भी जलाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शहरवासी अपने परिवारों के साथ पहुंचे और दशहरा उत्सव का आनंद लिया। इस अवसर पर नगर निगम मोहाली के मेयर श्री सरबजीत सिंह समाना, पूर्व मेयर श्री अमरजीत सिंह सिद्धू और पूर्व मंत्री श्री बलबीर सिंह सिद्धू विशेष अतिथि रूप में शामिल हुए।

पुतला दहन से पहले मैदान में भगवान श्रीराम और रावण की सेनाओं के बीच युद्ध का मंचन किया गया। राम-रावण युद्ध के दृश्यों ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। जैसे ही युद्ध के अंतिम चरण के बाद रावण दहन हुआ, मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। आतिशबाजी और जलते पुतलों को देखने के लिए लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया।

दशहरा उत्सव ने लोगों को भगवान श्रीराम के आदर्शों और सत्य की शक्ति का संदेश दिया। रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन इस बात का प्रतीक रहा कि अहंकार, अन्याय और बुराई चाहे कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हों, अंततः सत्य और धर्म की ही विजय होती है।

श्री रामलीला एवं दशहरा कमेटी के अध्यक्ष आशु सूद के नेतृत्व में आयोजित इस उत्सव ने क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को उत्साहपूर्वक आगे बढ़ाया। कमेटी की ओर से आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों, कलाकारों और शहरवासियों का आभार व्यक्त किया गया। दशहरे के बाद राजतिलक किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *