लिफ्ट सिंचाई योजनाओं से केबल चोरी का पर्दाफाश,  दो गिरफ्तार

 

नौगांव : पुरोला क्षेत्र की सिंचाई लिफ्ट पंपिंग योजनाओं से कॉपर केबल और मोनोब्लॉक चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपित अंकित कुमार समेत दो युवकों को देहरादून के सहसपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से चोरी के 96.41 किलोग्राम केबल व धातु, तार काटने और ताले तोड़ने में इस्तेमाल होने वाला कटर तथा घटना में प्रयुक्त अर्बन क्रूजर वाहन बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, बीते 31 अक्टूबर को पुरोला, रामा सिंचाई लिफ्ट योजना और ध्योरा लिफ्ट योजना से अज्ञात चोरों ने कॉपर केबल और मोनोब्लॉक चोरी कर लिए थे। इस संबंध में संबंधित योजनाओं के सहायक अभियंता की ओर से थाना पुरोला में तहरीर दी गई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी का पर्दाफाश करने के निर्देश दिए। पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साक्ष्य जुटाने और सुरागरसी के बाद दो आरोपितों को चिह्नित किया। पुलिस ने चार नवंबर को देहरादून के सहसपुर क्षेत्र से मुख्य आरोपित अंकित कुमार (26) निवासी पुरोला और सलमान (27) निवासी खुशहालपुर, सहसपुर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही और कब्जे से करीब 59 किलोग्राम तांबे के तार तथा 38 किलोग्राम केबल के खोल व अन्य धातु समेत कुल 96.41 किलोग्राम माल बरामद किया है। इसके अलावा ताले तोड़ने और तार काटने में प्रयुक्त कटर तथा चोरी में इस्तेमाल वाहन संख्या यूके 07 डीयू 7850 (अर्बन क्रूजर) भी कब्जे में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपित अंकित कुमार के विरुद्ध पूर्व में टिहरी और रानीपोखरी में भी चोरी के मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है। मामले में विवेचना के दौरान भारतीय न्याय संहिता की अन्य धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस की ओर से अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह, प्रभारी चौकी नौगांव, हेड कांस्टेबल बबलू खान, कांस्टेबल नीरज और कांस्टेबल अरुण कुमार आदि शामिल थे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *