मिशन 2027 की तैयारी में जुटे विधायक दुर्गेश्वर लाल, 

 

रमोला न्यूज़ ब्यूरो

नौगांव : आगामी मिशन 2027 को लेकर पुरोला विधानसभा के विधायक दुर्गेश्वर लाल ने यमुना घाटी में जनसंपर्क और संवाद की पहल तेज कर दी है। दीपावली के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने क्षेत्र के पत्रकारों, साहित्यकारों और जागरूक प्रबुद्ध नागरिकों के साथ पुरोला में संवाद कर अब तक किए गए विकास कार्यों का लेखा-जोखा साझा किया। साथ ही आगामी विकास योजनाओं को लेकर उनके सुझाव भी आमंत्रित किए।

विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास केवल जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। पत्रकार समाज की समस्याओं और जनभावनाओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं, जबकि साहित्यकार और बुद्धिजीवी अपने विचारों से समाज को नई दिशा देने का काम करते हैं। ऐसे में उनके सुझाव क्षेत्र के विकास की योजनाओं को और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण साबित होंगे।

संवाद के दौरान पत्रकारों एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, विकास की संभावनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे। विधायक ने सुझावों को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र के विकास में सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया।

इस अवसर पर विधायक ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। वहीं, उपस्थित लोगों ने विधायक दुर्गेश्वर लाल की इस संवाद पहल के लिए आभार जताते हुए जनसेवा के उनके प्रयासों की सफलता की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *