पंचकूला, 5 नवंबर : निपुण हरियाणा मिशन के अंतर्गत जिला स्तरीय निपुण रामलीला प्रतियोगिता का आयोजन डीसी मॉडल स्कूल, सेक्टर-7, पंचकूला में किया गया। कार्यक्रम में श्रीमती मन्नत राणा, एसडीएम पंचकूला ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, अभिव्यक्ति कौशल एवं नैतिक मूल्यों का विकास करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रतियोगिता में पंचकूला जिले के चारों खंडों से कुल 13 टीमों के 168 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने रामायण के विभिन्न प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में राजकीय संस्कृति मॉडल प्राथमिक विद्यालय, बूँगा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय प्राथमिक पाठशाला, महेशपुर की टीम द्वितीय तथा संस्कृति प्राथमिक विद्यालय, सेक्टर-26, पंचकूला की टीम तृतीय स्थान पर रही। मुख्य अतिथि श्रीमती मन्नत राणा ने विजेता टीमों को क्रमशः 5,000, 3,000 एवं 2,000 रुपये की पुरस्कार राशि तथा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को भी प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में निर्णायक मंडल की भूमिका डाइट पंचकूला की वरिष्ठ प्रवक्ता श्रीमती रश्मि शर्मा, प्रवक्ता श्री अश्विन शांडिल्य तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोट के प्रवक्ता श्री अनिरुद्ध भट्ट ने निभाई। निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति, संवाद अदायगी, विषयवस्तु एवं मंचन के आधार पर टीमों का मूल्यांकन किया।
इस अवसर पर जिला एफएलएन कोऑर्डिनेटर श्री असिन्द्र कुमार ने निपुण हरियाणा मिशन के उद्देश्यों एवं इस प्रकार की गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में बुनियादी साक्षरता, संख्यात्मक दक्षता, भाषा कौशल और आत्मविश्वास विकसित करने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि निपुण रामलीला जैसी गतिविधियाँ शिक्षण को आनंददायक एवं अनुभव आधारित बनाने का प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अंजली चहल, गीतिका, दिव्या, रजनी, कविता, किरण, प्रियंवदा, अशोक, नरेश एवं प्रेम चंद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का समापन विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए किया गया।
********
