रिपोर्ट : कोमल रमोला
पंचकूला/चंडीगढ़, 17 नवंबर। हरियाणा के ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि गाय को माता कहा जाता है और मां की दो प्रमुख भूमिकाएं होती हैं। एक मां वह होती है जो बच्चे को जन्म देती है और दूसरी वह होती है जो बच्चे का पालन-पोषण करती है। गाय भी अपने दूध के माध्यम से मानव जीवन के पोषण एवं स्वास्थ्य में महत्वपूर्ण योगदान देती है। गाय के दूध में अनेक पौष्टिक तत्व होते हैं, जो मनुष्य को स्वस्थ जीवन जीने में सहायक हैं। उन्होंने कहा कि गाय के दूध में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने वाले पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसके अलावा, गौहत्या एवं गौमांस की बिक्री पर रोक लगाने के लिए हरियाणा सरकार ने देश का सबसे सख्त कानून बनाया है, ताकि गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
श्री विज आज पंचकूला स्थित गोवन सेवा धाम में गोपाष्टमी महोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, साधु-संत एवं गौभक्त उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने गोवन सेवा धाम को 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने गौमाता को चारा खिलाया, एक छोटी गाय को अपने हाथों से दूध पिलाया तथा विधिवत पूजा-अर्चना की।
*देशी गाय का दूध पौष्टिकता एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता की दृष्टि से महत्वपूर्ण : अनिल विज*
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि हमारे महापुरुषों ने प्रकृति और मानव जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से सोच-समझकर परंपराओं एवं व्यवस्थाओं का निर्माण किया था। उन्होंने देशी और विदेशी गाय के दूध के अंतर का उल्लेख करते हुए कहा कि देशी गाय के दूध में ए-2 प्रोटीन पाया जाता है, जिसे पौष्टिकता की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। उन्होंने कहा कि देशी गायों के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में विशेष प्रयास किए जाने चाहिए।
उन्होंने ब्राजील का उदाहरण देते हुए बताया कि वर्ष 1800 में भारत से गायों को वहां ले जाया गया था और उनके पालन-पोषण एवं संवर्धन के माध्यम से वहां गोवंश को आगे बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के अनेक देश क्रॉस ब्रीडिंग के माध्यम से ए-2 दूध प्राप्त करने के प्रयास कर रहे हैं, जबकि भारत की देशी गायों में प्राकृतिक रूप से ए-2 प्रोटीन पाया जाता है। उन्होंने गाय के दूध को अत्यंत पौष्टिक बताते हुए देशी गोवंश के संरक्षण पर जोर दिया।
*बेसहारा गोवंश के संरक्षण के लिए नई गौशालाएं बनाने पर विचार कर रही सरकार : विज*
श्री विज ने कहा कि बेसहारा एवं आवारा पशुओं की समस्या को लेकर हरियाणा सरकार गंभीरता से विचार कर रही है और नई गौशालाएं स्थापित करने की संभावनाओं पर भी काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गौशालाओं का संचालन केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं को भी इसके लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार गौशाला समितियों को लगातार आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। हाल ही में उनके द्वारा गौशाला समितियों को 27 लाख रुपये की सहायता दी गई है। वहीं, प्रदेश की लगभग 450 गौशालाओं को सरकार की ओर से करीब 85 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने बताया कि गौवंश के संवर्धन एवं नस्ल सुधार के लिए सीमन बैंक भी स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही गायों की दूध उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
*गौ सेवा प्रकृति और मानवता की सेवा के साथ भगवान श्रीकृष्ण की आराधना भी है : ऊर्जा मंत्री*
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि गौ सेवा वास्तव में प्रकृति की सेवा, मानव जाति की सेवा और भगवान श्रीकृष्ण की आराधना है। उन्होंने देशी गाय के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गोपाष्टमी का पर्व भगवान श्रीकृष्ण की गौसेवा और गोचारण की परंपरा से जुड़ा हुआ है। मान्यता है कि इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने गायों को चराना प्रारंभ किया था, जिसके उपलक्ष्य में गोपाष्टमी का पर्व मनाया जाता है।
*गोवन सेवा धाम में 1600 गोवंश का संरक्षण*
कार्यक्रम के दौरान गोवन सेवा धाम के संचालकों ने बताया कि धाम में लगभग 1600 गोवंश का संरक्षण एवं पालन-पोषण किया जा रहा है, जिनमें करीब 1000 गायें और 600 नंदी शामिल हैं।
गोवन सेवा धाम पहुंचने पर ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज का भव्य स्वागत किया गया। धाम के संचालकों ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। गोपाष्टमी महोत्सव के दौरान छोटी बालिकाओं द्वारा कथक नृत्य के माध्यम से हनुमान चालीसा की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम के अंत में श्री विज ने गौमाता की आरती भी की।
इस अवसर पर अनेक गणमान्य व्यक्ति, साधु-संत, गौभक्त एवं गौसेवा से जुड़े कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
——————
