रोमी सिंह
रमोला न्यूज़ ब्यूरो पंचकूला, 2 अक्तूबर : गांधी जयंती एवं स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर हरियाणा के विकास एवं पंचायत विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विजयेंद्र कुमार ने ग्राम पंचायत भोज मटौर के गांव मंधाना में आयोजित विशेष ग्राम सभा में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
ग्राम सभा को संबोधित करते हुए अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त, पारदर्शी एवं जन-केंद्रित बनाना सरकार की सर्वाच्च प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामवासियों को सेवा संकल्प अभियान, ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP), ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न एजेंडा बिंदुओं की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि ग्राम सभाएं लोकतंत्र की बुनियादी रीढ़ हैं, जहां प्रत्येक ग्रामीण की आवाज और भागीदारी नीतियों के क्रियान्वयन को दिशा देती है।
इस अवसर पर श्री विजयेंद्र कुमार ने सभी ग्रामीणों, जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों को स्वच्छता शपथ दिलाई तथा गांव को कचरा मुक्त व स्वच्छ बनाए रखने हेतु सामुदायिक सहभागिता का आह्वान किया।
*मौके पर सुनी जनसमस्या, रिटेनिंग वॉल का किया स्थलीय निरीक्षण*
ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों द्वारा भोज मटौर में दो गांवों के संपर्क मार्ग पर स्थित क्षतिग्रस्त रिटेनिंग वॉल का मुद्दा उठाया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अतिरिक्त मुख्य सचिव ने तुरंत अधिकारियों के साथ स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित तकनीकी अधिकारियों को आमजन की सुविधा व सुरक्षा के दृष्टिगत रिटेनिंग वॉल के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण के कड़े निर्देश दिए।
इसके उपरांत, उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत आयोजित पोषण कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा शिशुओं के अन्नप्राशन दिवस रस्म में भाग लिया और माताओं एवं बच्चों के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद पंचकूला श्री विवेक आर्य, उपनिदेशक श्री उत्तम ढालिया, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी श्री विशाल पराशर, बीडीपीओ श्री विनय प्रताप सिंह, एसईपीओ श्री सोनू, सरपंच भोज मटौर श्री पंचपाल शर्मा, ग्राम सचिव श्री बलजीत सहित ब्लॉक व पंचायत स्तर के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

