जनगणना-2027 की तैयारियां समय रहते पूरी करें अधिकारी : उपायुक्त सतपाल शर्मा

 

पंचकूला 26 नवंबर: उपायुक्त और जिला के प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री सतपाल शर्मा ने आज लघु सचिवालय के सभागार में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान है और इसे त्रुटिरहित एवं निर्धारित समय-सीमा में पूरा करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

उपायुक्त ने पंचकूला, नगर परिषद कालका और रायपुररानी के लिए नियुक्त चार्ज अधिकारियों से उनकी संबंधित तहसीलों में की गई तैयारियों की जानकारी ली।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी चार्ज अधिकारी तहसीलवार प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण के लिए उपयुक्त स्थान निर्धारित करें और प्रशिक्षण की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करें। इसके अलावा, जनगणना कार्य के लिए आवश्यक कर्मचारियों की उपलब्धता का आकलन करें। यदि अतिरिक्त स्टाफ की जरूरत हो तो इसकी सूचना समय रहते दें, ताकि कार्य प्रभावित न हो।

उन्होंने संबंधित विभागों को जनगणना कार्य में नियुक्त स्कूल शिक्षकों एवं अन्य सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी और जिम्मेदारियां समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा और तत्परता से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

उपायुक्त ने बताया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत जनसंख्या गणना 25 जनवरी से 28 फरवरी, 2027 तक होगी, जबकि 1 से 5 मार्च तक पुनरीक्षण दौर आयोजित किया जाएगा। इससे पहले 10 से 24 जनवरी, 2027 तक नागरिक https://se.census.gov.in पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि जनसंख्या गणना के लिए निर्धारित प्रश्नावली में कुल 40 प्रश्न होंगे, जिनके माध्यम से जनसांख्यिकीय, सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक गतिविधियों, भाषा और प्रवास सहित विभिन्न विषयों की जानकारी एकत्रित की जाएगी। जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित होगी और प्रगणक मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए आंकड़े दर्ज करेंगे।

श्री सतपाल शर्मा ने अधिकारियों को जनगणना की तैयारियों की नियमित समीक्षा करने और सभी व्यवस्थाओं में आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्व-गणना सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाकर सहयोग दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान दी गई जानकारी जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत गोपनीय रखी जाएगी।

बैठक में नगराधीश एवं उप प्रमुख जनगणना अधिकारी सुश्री जागृति, ईओ नगर परिषद कालका श्री देवेन्द्र कुमार, तहसीलदार पंचकूला सुरेश कुमार, जिला जनगणना समन्वयक श्रीमती मधु यादव, जिला जनगणना इंचार्ज श्री सुनील जाखड़, विभिन्न तहसीलों के चार्ज अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

*******

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *