कोमल रमोला
रमोला न्यूज़ ब्यूरो
चंडीगढ़ , 26 नवंबर – हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि वर्ष 2014 में जब कांग्रेस की सरकार थी तो स्वास्थ्य का बजट मात्र 2000 करोड़ रुपए था जो अब बढ़कर लगभग सात गुणा 14 हज़ार करोड़ तक जा पहुंचा है। अगले आम बजट के दौरान वर्तमान सरकार इस बजट में और अधिक बढ़ौतरी करेगी।
आरती सिंह राव आज संविधान दिवस और हरियाणा के गठन के 60 वर्ष पूरे होने पर मनाई जा रही हीरक जयंती के अवसर पर बुलाए गए विधानसभा के विशेष सत्र में बोल रही थी। उन्होंने सदन में विपक्ष के नेता श्री भूपेंद्र सिंह हूडा तथा विधायक श्री बीबी बत्रा द्वारा स्वास्थ्य के क्षेत्र में बजट कम होने के मुद्दे पर आंकड़ों समेत कड़ा ज़वाब दिया।
स्वास्थ्य मंत्री ने अपने संबोधन के शुरुआत में प्रदेश की जनता एवं सदन के सदस्यों को संविधान दिवस और हरियाणा के गठन की हीरक जयंती की बधाई दी।
उन्होंने संविधान निर्मात्री-सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद तथा प्रारुप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव आंबेडकर के अलावा संविधान निर्माण से जुड़े सभी सदस्यों को नमन करते कि भारत का संविधान लोकतंत्र की आत्मा है। जैसे आत्मा के बिना शरीर निष्प्राण होता है, वैसे ही संविधान के सिद्धांतों और भावना के बिना लोकतंत्र की कल्पना नहीं की जा सकती।
आरती सिंह राव ने आगे कहा कि संविधान सरकार को शक्ति देता है, लेकिन उस शक्ति पर सीमाएँ भी लगाता है ताकि कोई भी सत्ता निरंकुश न हो सके। यह कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका के बीच संतुलन बनाए रखता है।
उन्होंने कहा कि हमारा संविधान केवल शासन का विधान नहीं, बल्कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों पर आधारित एक ऐसे समाज का संकल्प है जहाँ हर नागरिक को गरिमा, स्वास्थ्य और न्याय प्राप्त हो। उन्होंने यह भी कहा कि हमारे संविधान में तो भारत के सब नागरिकों के स्वास्थ्य को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए हैं लेकिन संवैधानिक मूल्यों की सार्थकता तभी है जब हम सब नागरिक स्वस्थ जीवनशैली, नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, स्वच्छता और जनस्वास्थ्य अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे , इससे हमारा एक स्वस्थ और सक्षम समाज का निर्माण हो सकेगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने हरियाणा की हीरक जयंती मनाने के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस साठ साल के सफ़र में प्रदेश ने काफी प्रगति की है। और पिछले 12 वर्षों में हरियाणा ने वैसे तो हर क्षेत्र में तरक्की की है , लेकिन स्वास्थ्य के क्षेत्र में बुनियादी विकास से लेकर शैक्षिक विकास बहुत अधिक हुआ है। इस कार्यकाल में प्रदेश में 1 चिकित्सा विश्वविद्यालय और 12 मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं। मेडिकल कॉलेजों में एम.बी.बी.एस. की 2,260 और पी.जी. की 788 सीटें बढ़ाई गई हैं। पंडित नेकी राम शर्मा राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय (भिवानी) और महर्षि च्यवन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, कोरियावास (नारनौल) का निर्माण पूरा हो चुका है, जहाँ ओपीडी सेवाएं शुरू होने के साथ 2025–26 सत्र के लिए 100-100 एम.बी.बी.एस. सीटों पर दाखिले किए गए हैं।
उन्होंने वर्तमान सरकार की उपलब्धियों का आगे जिक्र करते हुए कहा कि 4 फरवरी, 2024 को पी.जी.आई.एम.एस., रोहतक में हरियाणा के सरकारी क्षेत्र में पहली रीनल ट्रांसप्लांट सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पी.जी.आई.डी .एस., रोहतक में 24×7 आपातकालीन सेवाएं और ई-संजीवनी के माध्यम से पी.जी.आई.एम.एस., रोहतक में टेलीकंसल्टेशन सेवाएं शुरू की गई हैं।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में हरियाणा में चिकित्सा, नर्सिंग, फिजियोथेरेपी और पैरामेडिकल शिक्षा की क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ स्वास्थ्य व रोगी सेवाओं के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने पर व्यापक जोर दिया गया है , भविष्य में इसको और आगे बढ़ाया जाएगा।
