विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर कालका में किया ध्वजारोहण, ली परेड की सलामी

 

कालका की विधायक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को किया सम्मानित

रिपोर्ट: हेमंत कुमार

कालका, 15 अगस्त- कालका की विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा ने आज देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कालका स्थित श्रीमती अरूणा आसफ अली राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित समारोह में मुख्यातिथि के रूप में ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली।
विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा ने स्वतंत्रता दिवस व हरियाली तीज के पावन अवसर पर जिलावासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
उन्होंने कहा कि वे भारत की स्वतंत्रता के लिए अपना सबकुछ न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन करती है, जिनके बलिदानों के कारण ही आज हम आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे है। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ से अधिक भारतीयों ने विविधता में एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान के प्रति अपनी अटूट आस्था के बल पर भारत को विश्व के सबसे बड़े और सशक्त लोकतंत्र के रूप में स्थापित किया है। यह हमारी आठ दशकों की लोकतांत्रिक यात्रा है जिसने भारत देश को एक सशक्त, मजबूत, लोकतांत्रिक देश के रुप में स्थापित किया है।
हमारे संविधान निर्माताओं ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के जिन मूल्यों पर लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी थी, वह नींव समय के साथ और मजबूत हुई है। आज मैं देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे वीर सैनिकों को विशेष रूप से नमन करती हूं जो विपरीत परिस्थितियों में भी तिरंगे की आन, बान और शान को बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहते है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने शहीदों के परिवारों के सम्मान और कल्याण को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए जवानों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी दी जा रही है। पिछले लगभग 12 वर्षों में लगभग सवा चार सौ शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। यह केवल सरकारी सहायता नहीं, बल्कि राष्ट्र की ओर से अपने वीर सपूतों और उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की धरती वीरता, त्याग और देशभक्ति की धरती है। आज का भारत केवल अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामरिक शक्ति के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के लिए भी विश्व में अपनी पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और आर्थिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी स्थिति लगातार मजबूत कर रहा है और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। हमारा लक्ष्य केवल आर्थिक विकास की गति बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसा विकास सुनिश्चित करना है जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
इसी सोच के अनुरूप हम विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं।
श्रीमती शक्ति रानी ने कहा कि इस विकास यात्रा में आधुनिक परिवहन और हरित प्रौद्योगिकी भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। हाल ही में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 17 जुलाई 2026 को हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन से जींद और सोनीपत के बीच देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्वदेशी तकनीक से विकसित यह ट्रेन भारत की बढ़ती तकनीकी क्षमता और स्वच्छ एवं टिकाऊ परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह उपलब्धि हमें यह विश्वास दिलाती है कि हरियाणा केवल वर्तमान विकास का केंद्र नहीं, बल्कि भविष्य की तकनीक और हरित अर्थव्यवस्था का भी महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
उन्होनंें कहा कि हमारा अन्नदाता हमारे विकास का आधार है। हरियाणा सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर करने की व्यवस्था की गई है। अंग्रेजों के समय से चली आ रही आबियाने की व्यवस्था को समाप्त किया गया है। शामलात भूमि पर 20 वर्षों से काबिज पट्टेदारों को उस भूमि का मालिकाना हक देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कृषि को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाने के लिए फसल विविधीकरण, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, सिंचाई, कृषि तकनीक और किसान उत्पादक संगठनों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हमारी बेटियां और महिलाएं हरियाणा की प्रगति की मजबूत आधारशिला हैं। हरियाणा की बेटियों ने शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। हमारी सरकार का प्रयास है कि महिलाओं को केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास में सक्रिय भागीदार बनाया जाए। सरकार द्वार लाडो लक्ष्मी योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह 2100 रुपये की राशि दी जा रही है। गरीब परिवारों की महिलाओं को 500 रुपये में रसोई गैस का सिलेंडर दिया जा रहा है। इसी प्रकार, हमारे युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है। आज के युवा ही वर्ष 2047 में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की यात्रा का नेतृत्व करेंगे।
विधायक ने कहा कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस की थीम “युवा शक्ति-विकसित भारत 2047 की यात्रा का नेतृत्व” युवाओं की इसी भूमिका को रेखांकित करती है। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी के साथ-साथ राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का अवसर भी हमारे लिए गौरव का विषय है। ‘वंदे मातरम’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता चेतना और राष्ट्रभक्ति का अमर प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि खेलों के क्षेत्र में भी हरियाणा ने देश और दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। हमारे खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा से प्रदेश का नाम रोशन किया है। सरकार ने खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने और प्रतिभावान युवाओं को प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान दिया है। हाल ही में संपन्न ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय दल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 39 पदक जीते। इनमें हरियाणा के खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। हरियाणा के खिलाड़ियों ने 10 पदक जीते, जिनमें 7 स्वर्ण पदक शामिल हैं। प्रदेश की बेटियों ने पांच स्वर्ण पदक जीतकर हरियाणा का गौरव और बढ़ाया है। उन्होनंे कहा कि वे सभी खिलाड़ियों, उनके प्रशिक्षकों और परिवारों को उनकी उपलब्धियों के लिए हार्दिक बधाई देती हूं। इन खिलाड़ियों की सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
इससे पूर्व, स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर हरियाणा पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस की टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। स्कूल के बच्चों ने पीटी, डंबल शो की बेहतरीन प्रस्तुति दी। राजकीय माॅडल सीनियर सेकेडरी स्कूल कालका, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल एनसीसी पिंजौर, सोफिया कन्वेंट स्कूल कालका, अकाल जोत हाई स्कूल पिंजौर, आर्या गल्र्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल कालका, सिख जीएचएस, विवेकानंद स्कूल पिंजोर, डीएवी सूरजपुर, दर्शन अकादमी कालका, सैम फोल्ड, फ्यूरिस्टिक स्कूल पिंजौर, यूनिसन इंटरनेशन स्कूल पिंजोर, आयसर स्कूल परमाणु, एसएसडी स्मार्ट स्कूल कालका, सेपियंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल पिंजौर, एल्पाईन स्कूल, बाल भारती स्कूल कालका, दर्शन अकादमी, आरबी स्कूल कालका के बच्चों ने देशभक्ति के सांस्कृतिक कार्यक्रमों से माहौल को देशभक्ति के रंग मे ंरंग दिया।
इस अवसर पर मुख्यातिथि ने कालका उपमंडल के स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को शाॅल भेंट कर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में श्री जितेंद्र कुमार, श्री बरकत राम, श्री देवेंद्र, श्री अजमेर सिंह और श्री जोध सिंह शामिल है। विधायक ने कालका उपमंडल के सेनानियों की पत्नियों श्रीमती सुलोचना, श्रीमती दर्शन कौर व श्रीमती रजनी देवी को शाॅल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर कालका उपमंडल के लोकतंत्र सेनानियों व उनकी पत्नी व परिजनों श्री राम रत्न, श्री पृथ्वी राज, श्री सुदर्शन कुमार, श्रीमती खानपा, श्रीमती संतोष शर्मा, श्रीमती राजदुलारी, श्रीमती शुकंतला गर्ग, श्रीमती शुक्तंला देवी, श्रीमती पदमा ग्रोवर, श्रीमती मनजीत कौर, श्रीमती प्रेम लता व श्रीमती सरला गुप्ता को भी मुख्यातिथि ने सम्मानित किया।
कालका की विधायक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर उनकी हौंसलाअफजाई की। उन्होनंे स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों के लिए 3 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की।
इस अवसर पर एसडीएम श्री संयम गर्ग, नगर परिषद के चेयरमैन श्री कृष्ण लाल लांबा, एसीपी आशीष कुमार, बीजेपी की महिला विंग की जिला उपाध्यक्ष पवन कुमारी शर्मा, तहसीलदार निखिल सिंगला, बीडीपीओ विनय प्रताप व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *