*हरियाणा की डायरी*
*प्रस्तुति :चंद्र शेखर धरणी*
*वरिष्ठ,स्वतंत्र पत्रकार*
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने राजनीतिक जीवन और जनसंपर्क की शैली को लेकर एक ऐसा बयान दिया है, जो उनकी कार्यशैली की तस्वीर पेश करता है। मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं राजनीतिक व्यक्ति हूं। कोई रात को 2 बजे भी आकर मुझसे मिलेगा, तो मैं उससे मिलूंगा।” मुख्यमंत्री का यह कथन केवल उनकी व्यक्तिगत सहजता को नहीं दर्शाता, बल्कि राजनीति को जनता से जुड़े रहने और लोगों की समस्याओं को सुनने के माध्यम के रूप में देखने की उनकी सोच को भी सामने रखता है।
मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद किसी भी नेता के सामने सबसे बड़ी चुनौती होती है कि वह प्रशासनिक व्यस्तताओं और आम लोगों के बीच किस तरह संतुलन बनाए रखे। मुख्यमंत्री सैनी का कहना है कि राजनीति उनके लिए केवल सत्ता और पद तक सीमित नहीं है। जनता से मिलना, उनकी बात सुनना और उनके बीच उपलब्ध रहना राजनीतिक जिम्मेदारी का हिस्सा है।मुख्यमंत्री के बयान का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि उन्होंने मिलने के समय को प्राथमिकता देने के बजाय मिलने वाले व्यक्ति और उसकी समस्या को महत्व देने की बात कही। सामान्य तौर पर मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति का कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहता है। प्रशासनिक बैठकें, सरकारी योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों के साथ चर्चा, विधानसभा से जुड़े कार्य और राजनीतिक गतिविधियां उनके दैनिक कार्यक्रम का हिस्सा होती हैं।इसके बावजूद मुख्यमंत्री का यह कहना कि रात के दो बजे भी कोई मिलने आए तो वह उससे मिलेंगे, यह संकेत देता है कि उनके लिए जनप्रतिनिधि होने का अर्थ जनता के बीच उपलब्ध रहना है।
…..
*पंजाब चुनाव से पहले बढ़ा राजनीतिक महत्व हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच कई समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री की यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब हरियाणा में सरकार अपने विकास कार्यों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को आगे बढ़ा रही है, वहीं पड़ोसी राज्य पंजाब में विधानसभा चुनाव भी लगातार करीब आते जा रहे हैं। ऐसे में इस मुलाकात को राजनीतिक और प्रशासनिक, दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इन दिनों हरियाणा सरकार की नीतियों और संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ भाजपा के व्यापक राजनीतिक अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। पंजाब में पार्टी की चुनावी तैयारियों को लेकर उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली हुई है। यही कारण है कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी मुलाकात को केवल औपचारिक बैठक के तौर पर नहीं देखा जा रहा, बल्कि इसके राजनीतिक संदेश भी तलाशे जा रहे हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मुलाकात में विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा हुई। माना जा रहा है कि बातचीत के दौरान हरियाणा के विकास, केंद्र और राज्य के बीच समन्वय तथा सरकार की प्राथमिकताओं से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।लगातार यह संदेश देते रहे हैं कि हरियाणा को विकास, सुशासन और जनकल्याण के मामले में नई दिशा देने के लिए केंद्र सरकार के साथ बेहतर तालमेल आवश्यक है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाओं को प्रदेश में प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी राज्य सरकार का विशेष जोर है।
*मनोहर लाल से मिले असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा*,
केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल से असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मुलाकात की। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के आवास पर हुई इस सौहार्दपूर्ण बैठक में असम के ऊर्जा क्षेत्र और तेजी से बढ़ते शहरी विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में असम की भविष्य की विद्युत जरूरतों, केंद्रीय विद्युत उत्पादन केंद्रों से मिलने वाले बिजली आवंटन, गुवाहाटी की विद्युत वितरण व्यवस्था तथा प्राकृतिक गैस के बेहतर उपयोग सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंथन किया गया।
मनोहर लाल के समक्ष असम की दीर्घकालिक ऊर्जा जरूरतों का मुद्दा
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बीच हुई बातचीत में असम की दीर्घकालिक विद्युत आवश्यकताओं को प्रमुखता से उठाया गया। राज्य में बढ़ते शहरीकरण, औद्योगिक गतिविधियों और आर्थिक विस्तार के साथ आने वाले वर्षों में बिजली की मांग बढ़ने की संभावना है। ऐसे में असम के लिए पर्याप्त और भरोसेमंद बिजली उपलब्धता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर चर्चा हुई।मनोहर लाल के समक्ष केंद्रीय विद्युत उत्पादन केंद्रों से असम को मिलने वाले पावर एलोकेशन को अधिक तर्कसंगत और राज्य की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप बनाने का विषय भी रखा गया। बैठक में इस बात पर विचार किया गया कि भविष्य की बिजली मांग को ध्यान में रखते हुए राज्य को पर्याप्त विद्युत उपलब्ध कराई जा सके, जिससे विकास परियोजनाओं और औद्योगिक गतिविधियों को आवश्यक ऊर्जा मिलती रहे।
…….
*अनिल विज का सलमान खुर्शीद पर पलटवार*
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद के बयान कि ‘एक देश, एक चुनाव’ एक हवाई कल्पना है– पर पत्रकारों को प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “एक देश एक चुनाव बहुत अच्छी सोच है”, क्योंकि आज के समय पूरा साल कोई न कोई चुनाव चलते रहते हैं और देश का सारा ध्यान बाकि मुद्दों से हटकर चुनावी नारों, चुनावी रैलियों, चुनावी भाषणों तक सिमट कर रह जाता है जिससे देश की प्रगति रूकती है तथा अन्य मुद्दों पर सोचने का ध्यान नहीं जाता। विज ने कहा कि एक देश एक चुनाव अच्छी सोच है जिससे पैसा बचता है, कितने कर्मियों जिनकी चुनावी ड्यूटियां लगती है उनकी ड्यूटियां बचती है, इसलिए धर्म, जाति, भाषा, क्षेत्र से ऊपर उठकर सभी को इसे स्वीकार करना चाहिए।इलाहाबाद हाईकोर्ट ने फैसला दिया है कि स्कूल में हिजाब नहीं पहन सकते जिस पर सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि ये इस्लाम पर हमला है इस पर प्रतिक्रिया देते हुए ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि “ओवैसी जी हर बात का बिना सोचे समझे विरोध करते हैं, यह कोर्ट का फैसला है, कोर्ट के फैसले को सबको स्वीकार करना चाहिए] कोर्ट के फैसले को अगर सभी लोग अपनी-अपनी व्याख्या से देखें तो देश में कानून व्यवस्था ठीक ढंग से नहीं चलाई जा सकेगी”।सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने आरएसएस और भाजपा पर बयान दिया कि “वे मनुस्मृति चाहते थे, अंबेडकर का संविधान नहीं” जिस पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “सांसद असदुद्दीन ओवैसी जी भड़काने वाली बातें करते है, वो सुबह उठकर आते हैं और किसी न किसी चौक व मंच पर खड़े होकर हमारी सनातन संस्कृति का विरोध करते है”।
…..
*बेटियों को आत्म निर्भर बनाने पर संजय भटिआ ने दिया बल*
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद संजय भाटिया ने मंगलवार को शिक्षण संस्थान में विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों के साथ आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बेटियों को शिक्षा, आत्मविश्वास, स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच और आत्मनिर्भरता का संदेश देते हुए कहा कि जीवन में परिस्थितियां चाहे कैसी भी हों, लक्ष्य को लेकर दृढ़ संकल्प और स्वयं पर विश्वास व्यक्ति को आगे बढ़ने की ताकत देता है बेटियों से संवाद करते हुए कहा कि कई बार परिवार की आर्थिक परिस्थितियां, सामाजिक सोच या कम उम्र में विवाह जैसी परिस्थितियां लड़कियों की शिक्षा के रास्ते में चुनौती बन सकती हैं। ऐसे में जरूरी है कि बेटियां अपनी पढ़ाई को गंभीरता से लें और अपने जीवन में कम से कम एक ऐसा लक्ष्य निर्धारित करें, जिसे हासिल करने के लिए वे पूरी मेहनत और लगन से जुट जाएं। उन्होंने कहा कि “पहले अपने पैरों पर खड़े होने का आत्मविश्वास पैदा करें, उसके बाद जीवन के दूसरे फैसले करें।”उन्होंने कहा कि विवाह जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन विवाह के बाद परिस्थितियां हमेशा व्यक्ति के अनुकूल रहें, यह जरूरी नहीं है। इसलिए हर बेटी के अंदर यह विश्वास होना चाहिए कि “मैं अपने दम पर कुछ कर सकती हूं।” यही आत्मविश्वास उसे जीवन की किसी भी परिस्थिति का सामना करने की शक्ति देता है।युवाओं को समय का महत्व समझाते हुए संजय भाटिया ने कहा कि आज की उम्र सीखने और अपनी क्षमता को विकसित करने की उम्र है। उन्होंने कहा कि उम्र बढ़ने के साथ नई चीजें सीखना अपेक्षाकृत कठिन हो जाता है, जबकि युवावस्था में सीखने और नई चीजों को ग्रहण करने की क्षमता बहुत अधिक होती है।
…..
*शिक्षा मंत्री की सरकारी स्कूलों में अब बिना अनुमति प्रवेश पर रोक*
हरियाणा सरकार ने प्रदेश के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाया है। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने स्पष्ट किया है कि अब सरकारी स्कूलों के परिसर में बाहरी व्यक्तियों की अनधिकृत एंट्री को पूरी तरह प्रतिबंधित रखा जाएगा। यहां तक कि किसी विद्यार्थी के अभिभावक को भी बिना अनुमति स्कूल परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सरकार का यह निर्णय स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और किसी भी संभावित अप्रिय घटना की आशंका को कम करने के उद्देश्य से लिया गया है।बिना सत्यापन किसी को प्रवेश नहीं।स्कूल विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित और अनुशासित वातावरण का केंद्र हैं। ऐसे में बिना किसी जांच-पड़ताल के किसी बाहरी व्यक्ति को स्कूल परिसर में प्रवेश देना उचित नहीं है। किसी व्यक्ति की पहचान, उसके स्कूल आने का उद्देश्य और परिसर में उसकी गतिविधियों की जानकारी होना आवश्यक है।मंत्री के अनुसार, स्कूलों में बड़ी संख्या में बच्चे पढ़ते हैं और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी स्कूल प्रशासन की है। इसलिए किसी भी व्यक्ति को केवल परिचित होने या किसी व्यक्तिगत काम के आधार पर स्कूल परिसर में प्रवेश नहीं दिया जा सकता। प्रवेश की एक निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना जरूरी होगा।एसएमसी की अनुमति के बाद ही प्रवेशसरकार की नई व्यवस्था में स्कूल मैनेजमेंट कमेटी यानी एसएमसी की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। किसी बाहरी व्यक्ति को स्कूल से संबंधित आवश्यक कार्य के लिए प्रवेश देना हो तो पहले उसकी अनुमति और आवश्यक सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद ही उसे स्कूल परिसर में आने की अनुमति मिल सकेगी।
…..
*‘कुलदीप शर्मा बोले मैं ईमानदार बाप का ईमानदार बेटा हूं, कोई सीएलयू लेने वाला नेता नहीं’*
हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कुलदीप शर्मा ने मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश सरकार, कानून व्यवस्था, सरकारी कार्यालयों में कथित भ्रष्टाचार, हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन), कांग्रेस संगठन की आंतरिक कार्यप्रणाली तथा अपने ऊपर हो रहे राजनीतिक हमलों को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा का आम नागरिक सरकारी दफ्तरों में परेशान है और बिना पैसे दिए काम नहीं होने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। साथ ही उन्होंने कांग्रेस के भीतर सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को समान सम्मान व अभिव्यक्ति की जगह दिए जाने की वकालत की।हरियाणा में कानून व्यवस्था के हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। आम जनता स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही है और अपराध की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार चरम पर है और आम आदमी को अपने छोटे-छोटे काम करवाने के लिए भी परेशान होना पड़ता है।उन्होंने कहा कि जनता की सबसे बड़ी पीड़ा यह है कि सरकारी तंत्र में पारदर्शिता दिखाई नहीं देती। लोगों को अपने अधिकारों के लिए भी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में सुशासन का दावा करती है तो उसे सबसे पहले सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार समाप्त करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।पूर्व स्पीकर ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एचकेआरएन को लेकर युवाओं और कर्मचारियों के बीच लगातार असंतोष है। शर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा कि यह निगम पर्ची-खर्ची का माध्यम बन गया है और सरकार को इस व्यवस्था की निष्पक्ष समीक्षा करनी चाहिए।
……..
*डॉ. अर्चना गुप्ता, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को बांधी राखी*
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भारतीय जनता पार्टी की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने बुधवार सुबह चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास ‘संत कबीर कुटीर’ पहुंचकर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सुमन सैनी को राखी बांधी तथा उन्हें रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। डॉ. गुप्ता ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना की। इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं, बल्कि विश्वास, सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने वाला पर्व है। यह पर्व हमें समाज में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति अपने दायित्व को और मजबूती से निभाने की प्रेरणा देता है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार महिलाओं और बेटियों को आत्मनिर्भर, सुरक्षित और सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, सुरक्षा और सामाजिक सम्मान के क्षेत्रों में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों से महिलाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियों और महिलाओं को समान अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल सरकारी योजनाओं का विषय नहीं, बल्कि परिवार, समाज और सरकार के सामूहिक संकल्प का विषय है। जब हमारी बेटियां शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ती हैं और महिलाएं आत्मनिर्भर बनती हैं, तभी समाज और प्रदेश वास्तव में मजबूत होता है।
…….
1983 से 2026 तक चर्चा मे कल्याण फार्म हॉउस
करनाल से निकलते ही मधुबन से आगे दिल्ली जाते हुए बाएं हाथ स्थित कल्याण फार्म हॉउस 1983 से लगातार 2026 तक बड़ी राजनैतिक हस्तियों के आवागमन से सुर्खियों मे रहा है।वर्तमान मे हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण यहीं रहते हैँ।इनके स्वर्गीय पिता चो देवी सिंह रोड ने इसे 1950 के आसपास बनाया था। देश के उपप्रधानमंत्री रहे चौ देवीलाल व देवी सिंह की मित्रता किसी से छुपी नहीं है। देवीलाल व भजपा के तब के प्रमुख नेता डॉक्टर मंगलसैन की जोड़ी ने 1985 से 1987 तक ज़ब न्याय युद्ध की लड़ाई लड़ी तो देवी सिंह रोड के पास अक्सर उनका आवागमन लगा रहता था। देवी सिंह रोड की राजनैतिक विरासत को हरविंदर कल्याण ने संभाला। समय के परिवर्तन के साथ बदलती विचारधारा मे कल्याण फार्म हॉउस पर स्वर्गीय मुख्यमंत्री भजनलाल का खूब आना जाना लगा रहा। वर्तमान मे केंद्रिय मंत्री व हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का व्यक्तिगत लगाव हरविंद्र कल्याण के साथ होने से उनका भी इसी प्रकार आना जाना लगा रहता है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के करीबी व हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण मे आत्मीयता किसी से छुपी नहीं है। वह भी यहाँ आवागमन रखते हैँ। कल्याण फार्म बड़े राजनेताओं के आवागमन के लिए सदैव चर्चा मे रहा है। कल्याण परिवार की यह विशेषता रही है की वह जिस भी नेता से जुड़ते हैँ पूर्ण वफादारी, ईमानदारी, कर्मठता व समर्पण भावना से जुड़ते हैँ।
……
*म्हारे छोरे छोरियां ईब जापान में दिखावागे दम*
कॉमनवेल्थ खेलों में झंडे गाड़ते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले होनहार अब जापान में भी अपना दम दिखाने को तैयार। सितंबर माह से जापान मे एशियन गेम में शुरू हो रहे हैं। खिलाड़ियों की नजर वहां पर भी अपने पिछले प्रदर्शन से भी और अधिक बेहतर करने पर है। बता दें कि हाल ही में कॉमनवेल्थ गेम में हरियाणा प्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा सात स्वर्ण पदक सहित 11 पदक देश और प्रदेश की झोली में डाले थे। इसके बाद प्रदेश की नायब सरकार द्वारा खिलाड़ियों पर तोहफों की बरसात की गई है।
……
*पुलिस अब हर किसी को खिलाएगी जेल की रोटी*
अब आपको जेल की रोटी खाने के लिए कोई अपराध या फिर अन्य दूसरे गलत कार्य शामिल हो जेल जाने की जरूरत नही। बल्कि कोई भी व्यक्ति जेल की रोटी खा सकता है। इस योजना को सिरे चढ़ाने के लिए हरियाणा पुलिस द्वारा अंबाला सेंट्रल जेल से इसकी शुरुआत की जाएगी। जहां कैदियों के द्वारा बनाया गया खाना कैंटीन और कैफे के माध्यम से जेल के बाहर कोई भी व्यक्ति खा सकेगा। इस फूड पैकेट को “जेल की रोटी नाम दिया गया” है। योजना कामयाब रही तो इसे प्रदेश भर में लागू किया जाएगा। खास बात यह है कि इस घर घर पहुंचने के लिए एक कंपनी के साथ एमओयू भी साइन किया जा रहा है।
…….
*गुरुग्राम जल के हल के लिए राव का चंडीगढ़ दौरा*
देश की मिलेनियम सिटी के नाम से मशहूर गुरुग्राम में बरसात के कारण हो जलभराव शहर वासी ही नही स्थानीय सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह काफी चिंतित है। जिसको लेकर उन्होंने चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात कर शहर को बरसाती पानी से निजात दिलाने के लिए कड़े और गंभीर प्रयास करने की बात कही। राव ने सीएम से मांग करते हुए कहा कि बरसाती पानी को निकालने के रास्तों पर निर्माण हो चुका है। ऐसे में अब उन पानी के रास्तों के विकल्प के लिए जमीन के नीचे से रास्ते बनाकर पानी को निकाला जाए। यही नहीं उन्होंने इसको लेकर अधिकारियों की भी जिम्मेवारी तय करने पर जोर दिया।

