स्टेट वेंडरों की समस्याओं पर राज्यपाल से मिला राष्ट्रीय लोक दल का प्रतिनिधिमंडल

 

 

अनिरुद्ध मिश्रा /रमोला न्यूज़ ब्यूरो

चंडीगढ़। राष्ट्रीय लोक दल चंडीगढ़ प्रदेश का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष विद्याशंकर पाठक के नेतृत्व में पंजाब के महामहिम राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने चंडीगढ़ के स्टेट वेंडरों की समस्याओं के साथ-साथ स्टेट वेंडर यूनियन के प्रधान राममिलन गौड़ के 21 अगस्त 2026 को एनफोर्समेंट इंस्पेक्टर सत्येंद्र सिंह द्वारा किए गए चालान तथा सामान एवं नकदी जब्त किए जाने के मामले से राज्यपाल को अवगत कराया।

प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि स्टेट वेंडरों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से पूरे मामले में हस्तक्षेप कर वेंडरों को न्याय दिलाने तथा जब्त सामान एवं नकदी के मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।

राजभवन के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम कमिश्नर अमित सिंह एवं ज्वाइंट कमिश्नर हिमांशु गुप्ता से भी मुलाकात की और वेंडरों की समस्याओं तथा राममिलन गौड़ के मामले का समाधान करने की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, नगर निगम के उच्च अधिकारियों ने माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का हवाला देते हुए मामले का कोई ठोस समाधान प्रस्तुत नहीं किया।

राष्ट्रीय लोक दल चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष विद्याशंकर पाठक ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों के समक्ष वेंडरों की समस्याओं को गंभीरता से रखा, लेकिन किसी प्रकार का संतोषजनक समाधान नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में प्रतिनिधिमंडल के हाथ मायूसी के अलावा कुछ नहीं लगा।

उन्होंने कहा कि स्टेट वेंडरों को न्याय दिलाने और गरीब व छोटे दुकानदारों के हितों एवं संरक्षण के लिए अब न्यायपालिका का सहारा लेने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। राष्ट्रीय लोक दल चंडीगढ़ प्रदेश ने निर्णय लिया है कि वेंडरों के अधिकारों और न्याय के लिए शीघ्र ही पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय लोक दल चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष विद्याशंकर पाठक, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं स्टेट वेंडर यूनियन के प्रधान राममिलन गौड़, उत्तर प्रदेश वेलफेयर एसोसिएशन चंडीगढ़ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव वर्मा तथा सुनील कुमार पांडे उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *