जन्मदिन व शादी की सालगिरह पर हिम एकता महासंघ करेगी आयुर्वेदिक पौधारोपण

 

रामोला न्यूज़/पंचकूला( विक्रांत शर्मा): हिम एकता वेलफेयर महासंघ कार्यक्रम कमेटी रजि. ने पर्यावरण संरक्षण और भारतीय आयुर्वेदिक परंपरा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नई पहल शुरू करने का निर्णय लिया है। महासंघ के कार्यक्रम कमेटी अध्यक्ष अश्वनी बरवाला, उपाध्यक्ष देव कमल तथा संगठन सचिव प्रवीण बाली ने बताया कि महासंघ के सदस्यों के जन्मदिन एवं शादी की सालगिरह के अवसर पर तुलसी सहित विभिन्न आयुर्वेदिक पौधों का पौधारोपण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य खुशी के अवसरों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना और लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना है। पौधारोपण के साथ संबंधित सदस्य को हिमाचली टोपी पहनाकर सम्मानित करते हुए जन्मदिन अथवा शादी की सालगिरह की शुभकामनाएं भी दी जाएंगी। इस मौके पर महासचिव विक्रांत शर्मा ने बताया कि मुख्य सलाहकार टीम के बृजमोहन शर्मा, राकेश शर्मा, सतीश गुलशन, विनोद शर्मा, देशराज शर्मा,एनके शर्मा,सुशील पंडित,जगरुप सिंह,अशोक कुमार मोहित कालिया, पवन शर्मा के अलावा महासंघ कार्यक्रम कमेटी के सचिव – तिलक राज राणा, वित्त सचिव ऊमेश शर्मा,प्रेस सचिव -रोशनलाल शर्मा ने भी सहमति प्रकट किया।

महासंघ पदाधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक सदस्य अपने विशेष दिन को यादगार बनाने के साथ-साथ समाज और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी भी निभा सके, इसी उद्देश्य से यह अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि महासंघ की ओर से सदस्यों के लिए धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी कड़ी में अक्तूबर माह में महासंघ के सदस्यों को तीर्थयात्रा पर ले जाने की योजना भी बनाई गई है। तीर्थयात्रा के माध्यम से सदस्यों को धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *