पंचकूला का सार्थक मॉडल स्कूल शिक्षा विभाग की उपेक्षा के कारण बना सफेद हाथी- ओ पी सिहाग 

 

विक्रांत शर्मा/पंचकूला, 2 सितंबर(रामोला न्यूज़)जननायक जनता पार्टी ज़िला पंचकूला के अध्यक्ष ओ पी सिहाग ने आज पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष के सी भारद्वाज , हल्का पंचकूला अध्यक्ष राजेश निषाद एवं जिला कार्यालय सचिव सुरिन्दर चड्डा के साथ पंचकूला सेक्टर 12- ए स्थित सार्थक माॅडल स्कूल का दौरा किया । इस स्कूल में सुबह छटी कक्षा से लेकर 12 वीं कक्षा तक की शिफ्ट होती है जिसमें 1700 के करीब छात्र- छात्राओं की क्लास लगती है तथा बाद दोपहर की शिफ्ट में पहली कक्षा से 5 वीं कक्षा तक वाले बच्चे स्कूल आते हैं उनकी संख्या 950 से ज्यादा है । जजपा ज़िला अध्यक्ष ओ पी सिहाग एवं जजपा नेताओं ने बड़ी हैरानी जताते हुए कहा कि प्राइमरी तक के बच्चों को पढ़ाने के लिए सिर्फ 14 टीचर कार्यरत हैं जिनमें से 5 टीचर पिछले कई महीनों से चुनाव आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनः निरीक्षण के कार्य की ड्यूटी कर रहे हैं तथा औसतन 2-3 टीचर छुट्टी पर जाने के कारण 6 -7 अध्यापक ही ड्यूटी पर होते हैं जबकि यहां पर कम से कम 34 अध्यापकों की जरूरत है।

जजपा ज़िला अध्यक्ष ओ पी सिहाग ने कहा कि सार्थक माॅडल स्कूल पंचकूला जो कि प्रदेश की डीम्ड राजधानी है का सबसे बढ़िया सरकारी स्कूल है, इसकी इमारत भी काफी अच्छी है परंतु अध्यापकों की संख्या बहुत कम है जिससे इतनी बड़ी संख्या के छोटे बच्चों को सही ढंग से संभालना एवं पढ़ाना बहुत मुश्किल है। उन्होंने कहा कि जब पंचकूला जैसे शहर में माॅडल स्कूल का य़ह हाल है तो बाकि पूरे प्रदेश में स्कूलों का एवं शिक्षा का क्या हाल होगा ? उन्होंने कहा कि इस स्कूल में ज़्यादातर गरीब एवं पढ़ाई में अच्छे छात्र ही दाखिला लेते हैं अगर स्कूल में पढ़ाने वाले ही नहीं होंगे तो बच्चे कैसे आगे बढ़ेंगे , उनकी नीव कमजोर होगी तो वो जिंदगी की चुनौतियों का सामना कैसे कर पाएंगे। जजपा नेताओं ने प्रदेश सरकार से मांग की है इस स्कूल सहित जिले के अन्य स्कूलों में जहा भी स्टाफ कम है या स्कूलों में अन्य सुविधाओं की कमी है उसको तुरंत पूरा किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *