स्व. शांति बहुगुणा की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, सैकड़ों लोगों ने दी श्रद्धांजलि

विक्रांत शर्मा/रमोला न्यूज़ ब्यूरो/पंचकूला, :- उत्तराखंड महिला शक्ति संगठन पंचकूला की संयोजक एवं समाजसेविका स्व. शांति बहुगुणा की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर सेक्टर-19 स्थित प्राचीन शिव मंदिर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्व. शांति बहुगुणा को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सामाजिक योगदान को याद किया।
श्रद्धांजलि सभा में सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज, गढ़वाल सभा पंचकूला के प्रधान श्री हरीश चंद्र बड़थ्वाल तथा वार्ड पार्षद श्री हरेन्द्र मलिक सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सेक्टर-19 के पार्क में वृक्षारोपण किया गया। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण का आधार ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की अमूल्य धरोहर हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘एक वृक्ष मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि वे अपने माता-पिता की स्मृति में वृक्ष अवश्य लगाएं। उन्होंने कहा कि सामूहिक रूप से किया गया यह प्रयास जलवायु परिवर्तन के खतरे को कम करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सरकार के प्रयासों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

गढ़वाल सभा पंचकूला के प्रधान श्री हरीश चंद्र बड़थ्वाल ने स्व. शांति बहुगुणा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने सामाजिक एवं महिला शक्ति को संगठित करने के लिए उल्लेखनीय कार्य किया। उनके विचार और सेवा भावना समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पौधारोपण को जनअभियान बनाना चाहिए।

वार्ड पार्षद श्री हरेन्द्र मलिक ने कहा कि समाजसेवियों की स्मृति को जीवंत रखने का सबसे अच्छा माध्यम उनके सेवा कार्यों को आगे बढ़ाना है। पौधारोपण जैसे कार्य समाज और पर्यावरण दोनों के लिए लाभकारी हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर श्री एस.पी. बहुगुणा ने स्व. शांति बहुगुणा की प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने वाले सभी गणमान्य अतिथियों, सामाजिक संस्थाओं, क्षेत्रवासियों एवं उपस्थित जनसमूह का हृदय से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और स्नेह से स्व. शांति बहुगुणा की स्मृतियां सदैव समाज में जीवित रहेंगी। साथ ही उन्होंने वृक्षारोपण कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी लोगों का भी धन्यवाद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *