विक्रांत शर्मा,/रमोला न्यूज़ ब्यूरो):- पंचकूला में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा असामाजिक एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पंचकूला पुलिस द्वारा लगातार विशेष चेकिंग, सर्च एवं सत्यापन अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार पुलिस की टीमें ऐसे क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रख रही हैं, जहां बड़ी संख्या में किराएदार, कामकाजी लोग तथा बाहरी व्यक्ति निवास करते हैं। इसी कड़ी में आज सुबह एमडीसी क्षेत्र के सकेतड़ी गांव में पंचकूला पुलिस की विभिन्न टीमों ने औचक विशेष चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह तथा डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में अभियान के दौरान करीब 85 पुलिसकर्मियों की विभिन्न टीमों ने सकेतड़ी गांव में घर-घर जाकर जांच की। पुलिस टीमों द्वारा कुल 380 घरों में रह रहे 709 किराएदारों का सत्यापन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया। जिन किराएदारों का पुलिस सत्यापन नहीं करवाया गया था, उनके संबंध में नियमानुसार आगामी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने केवल दस्तावेजों और किराएदारों के सत्यापन तक ही सीमित न रहते हुए स्निफर डॉग की मदद से संदिग्ध ठिकानों एवं वाहनों की भी जांच की। पुलिस ने क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई तथा आवश्यक स्थानों पर गहन जांच की।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि पंचकूला में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। पुलिस द्वारा ऐसे क्षेत्रों में रहने वाले किराएदारों, कामकाजी लोगों तथा संदिग्ध व्यक्तियों का डाटा एकत्र कर उसका सत्यापन किया जा रहा है। जिन लोगों का सत्यापन लंबित है, उनके संबंध में नियमानुसार प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति किराए के मकान, दुकान या किसी काम-धंधे की आड़ में किसी प्रकार की अवैध गतिविधि को अंजाम न दे सके। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पंचकूला पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि वे अपने मकान, दुकान या प्रतिष्ठान पर किराएदार अथवा कामगार रखने से पहले संबंधी थाना, चौकी में सूचना देकर पुलिस सत्यापन अवश्य करवाएं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

