हेमंत कुमार (रमोला न्यूज़ ब्यूरो )
कालका, 17अक्तूबर
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जनसेवा के 25 गौरवशाली वर्षों को समर्पित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार को कालका, पिंजौर और पंचकूला में स्वच्छता एवं नशामुक्ति पर जागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में कालका विधायक श्रीमती शक्तिरानी शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता अपनाने, प्लास्टिक के दुष्प्रभावों और नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के तहत कालका नगर परिषद कार्यालय के मुख्य द्वार पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से स्वच्छता के महत्व और नशे के दुष्परिणामों को रेखांकित किया। इसके बाद पिंजौर स्थित खेड़ा मंदिर के निकट शिवा कॉम्प्लेक्स में नुक्कड़ नाटक का आयोजन हुआ, जहां लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती शक्तिरानी शर्मा ने कालका विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि कालका और पिंजौर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। लोग अपने घरों और दुकानों के आसपास सफाई रखें, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालें और डस्टबिन का उपयोग करें। उन्होंने नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों का सहयोग करने का भी आग्रह किया।
विधायक ने प्लास्टिक का प्रयोग न करने की अपील करते हुए कहा कि खुले में फेंका गया प्लास्टिक पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ पशुओं के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है इसलिए प्लास्टिक का जिम्मेदारी से निस्तारण करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। स्वच्छता और नशामुक्ति के लिए जनभागीदारी से ही सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
वहीं, पंचकूला के सेक्टर-14 स्थित सब्जी मंडी में आयोजित नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम में भी विधायक श्रीमती शक्तिरानी शर्मा ने भाग लिया। इस दौरान पंचकूला के महापौर श्री श्याम लाल बंसल भी मौजूद रहे। कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता और नशामुक्ति का संदेश देते हुए लोगों को जागरूक किया।
इस अवसर पर भाजपा के जिला एवं मंडल पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

