कोमल रमोला
रमोला न्यूज़ ब्यूरो
कालका : कालका विधानसभा क्षेत्र के के.के. फार्म में कालका की विधायक श्रीमती शक्तिरानी शर्मा के नेतृत्व में करवा चौथ उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा महिला संगठन की बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक की पदाधिकारियों एवं महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर महिलाओं ने विधायक श्रीमती शक्तिरानी शर्मा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उत्सव के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं और पारंपरिक उल्लास के साथ पर्व मनाया।
करवा चौथ उत्सव के आयोजन से पहले विधायक श्रीमती शक्तिरानी शर्मा ने उपस्थित महिलाओं के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें एपिसोड को सुना। इसके बाद करवा चौथ उत्सव में महिलाओं ने लोकगीतों, कविताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बनाया। पारंपरिक गीतों और आपसी मेल-मिलाप के बीच महिलाओं ने त्योहार की खुशियां साझा कीं।
इस विशेष अवसर पर राज्यसभा सांसद श्री कार्तिकेय शर्मा की धर्मपत्नी एवं आईटीवी फाउंडेशन की चेयरपर्सन डॉ. ऐश्वर्या पंडित शर्मा भी उपस्थित रहीं। उन्होंने महिलाओं के साथ उत्सव में भाग लिया और आयोजन के लिए विधायक श्रीमती शक्तिरानी शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को एक साथ जोड़कर त्योहार की खुशियां साझा करने का अवसर देना सराहनीय पहल है। ऐसे आयोजन महिलाओं के बीच आपसी मेल-जोल, आत्मीयता और सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी महिलाओं को करवा चौथ की शुभकामनाएं भी दीं।
विधायक श्रीमती शक्तिरानी शर्मा ने इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं को सरगी भेंट कर करवा चौथ की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि करवा चौथ भारतीय संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं से जुड़ा विशेष पर्व है। ऐसे अवसर परिवारों के बीच प्रेम और विश्वास को मजबूत करने के साथ-साथ महिलाओं को एक-दूसरे के साथ समय बिताने और अपनी खुशियां साझा करने का अवसर भी देते हैं।
उन्होंने कहा कि त्योहारों की असली खुशी अपनों के साथ मिलकर मनाने और एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनने में है। कालका विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं के साथ इस तरह के आत्मीय आयोजन हमारी सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं को और मजबूत बनाते हैं। उनकी कामना है कि सभी महिलाओं के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा हर परिवार में प्रेम, विश्वास और खुशियों का वातावरण रहे। उन्होंने सभी महिलाओं को करवा चौथ की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
