स्वदेशी महोत्सव-2026 का पोस्टर जारी, सामाजिक व धार्मिक संस्थाएं भी अभियान से जुड़ने को आगे आईं * 18 से 27 दिसंबर तक पंचकूला में होगा भव्य आयोजन

कोमल रमोला
रमोला न्यूज़ ब्यूरो
पंचकूला। स्वदेशी जागरण मंच की ओर से आयोजित होने वाले भव्य स्वदेशी महोत्सव-2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। महोत्सव के प्रचार-प्रसार और जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से पोस्टर जारी किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय मित्तल, महापौर श्याम लाल बंसल, नगर पार्षदों, स्वदेशी जागरण मंच के पदाधिकारियों तथा विभिन्न सामाजिक और अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय सह-संयोजक डॉ. राजेश गोयल, रजनीश गर्ग मेला प्रमुख ,अरुण गर्ग प्राप्त सह समन्वयक ,हरिंदर मलिक मेला व्यवस्था प्रमुख सहित महोत्सव से जुड़े अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। पोस्टर जारी करने के साथ ही महोत्सव की तैयारियों, प्रचार-प्रसार और विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

सामाजिक संस्थाओं ने भी स्वदेशी अभियान से जुड़ने की दिखाई रुचि

कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि इसमें विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। इन संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने स्वदेशी जागरण मंच के साथ जुड़कर कार्य करने तथा स्वदेशी महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने अपने-अपने संस्थागत नेटवर्क, सामाजिक संपर्कों और उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से स्वदेशी के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में योगदान देने की बात कही।

इससे महोत्सव को व्यापक सामाजिक भागीदारी के साथ आयोजित करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल देखने को मिली। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि स्वदेशी का संदेश केवल एक संगठन तक सीमित न रहकर समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। इसके लिए सामाजिक संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं और अन्य संगठनों को साथ लेकर सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।

365 सदस्यों को सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारियां

बैठक में स्वदेशी जागरण मंच के विभिन्न आयामों से जुड़े लगभग 365 सदस्यों ने भाग लिया। महोत्सव को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सदस्यों की अलग-अलग स्थानों पर ड्यूटियां लगाई गईं और कार्यों का विभाजन किया गया। प्रचार-प्रसार, जनसंपर्क, स्टॉल प्रबंधन, आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं और अन्य आवश्यक गतिविधियों के लिए सदस्यों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

इस दौरान उपस्थित पदाधिकारियों, सदस्यों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विचार रखे तथा आयोजन को अधिक प्रभावी और जनसहभागिता वाला बनाने के लिए सुझाव दिए। सभी ने आपसी समन्वय और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से महोत्सव को सफल बनाने पर जोर दिया।

300 से अधिक स्टॉलों पर प्रदर्शित होंगे स्वदेशी उत्पाद

स्वदेशी महोत्सव-2026 का आयोजन 18 से 27 दिसंबर 2026 तक पंचकूला में किया जाएगा। महोत्सव में 300 से अधिक स्टॉल लगाए जाने की योजना है। इन स्टॉलों पर देशभर के स्वदेशी उत्पादों, हस्तशिल्प, भारतीय कला-संस्कृति, पारंपरिक विरासत और उद्यमिता से जुड़ी वस्तुओं को प्रदर्शित किया जाएगा।

महोत्सव का उद्देश्य स्थानीय व्यापारियों, छोटे उद्यमियों, कारीगरों और स्वदेशी उत्पाद निर्माताओं को मंच प्रदान करना तथा आत्मनिर्भर भारत की भावना को मजबूत करना है। इसके माध्यम से लोगों को भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता देने, स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहित करने और देश की आर्थिक मजबूती में योगदान देने के लिए जागरूक किया जाएगा।

स्वदेशी को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्वदेशी केवल उत्पादों की खरीद तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की अर्थव्यवस्था, रोजगार, स्थानीय उद्यमिता और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का व्यापक अभियान है। देश में निर्मित उत्पादों को प्राथमिकता देने से स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलता है।

उन्होंने कहा कि स्वदेशी महोत्सव को जन-जन का उत्सव बनाने के लिए विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और संगठनों की भागीदारी महत्वपूर्ण रहेगी। सभी संस्थाओं के सहयोग से स्वदेशी के विचार को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सदस्यों और प्रतिनिधियों ने महोत्सव की सफलता के लिए मिलकर कार्य करने तथा स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और भारतीय विरासत के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का संकल्प लिया। पोस्टर जारी होने के साथ ही महोत्सव की संगठनात्मक तैयारियों और जनसंपर्क अभियान को नई गति मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *