हेमंत कुमार (रमोला न्यूज़ ब्यूरो )
कालका, 27अक्तूबर
कालका के हंडिया मोहल्ले में बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए लोहे के पुल का करीब दो महीने से पुनर्निर्माण नहीं होने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर कांग्रेस पार्टी के कालका ब्लॉक प्रधान सुनील कुमार शाम ने अंबाला लोकसभा क्षेत्र के सांसद वरुण चौधरी को ज्ञापन सौंप कर जल्द कार्रवाई की मांग की।
पत्र में उन्होंने बताया कि पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण क्षेत्र के निवासियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और आसपास के गांवों से आने-जाने वाले लोगों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इससे लोगों का समय भी बर्बाद हो रहा है और उनकी दैनिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
सुनील कुमार शाम ने सांसद से संबंधित विभाग के अधिकारियों और हरियाणा सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर पुल के स्थायी पुनर्निर्माण के लिए जल्द कार्ययोजना तैयार करवाने की मांग की है। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि पुल का निर्माण पूरा होने तक लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सांसद जनहित की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान के निर्देश देंगे, ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।
