29 नवंबर को गांव बरवाला में सजेगा सर्कल कबड्डी का महाकुंभ, विजेता टीम को मिलेंगे 2 लाख रुपये

 

कोमल रमोला 

रमोला न्यूज़ ब्यूरो

पंचकूला:

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी के चेयरमैन ज्ञानचंद गुप्ता ने सोसाइटी की टीम के साथ गांव बरवाला में आयोजित होने वाले सर्कल कबड्डी टूर्नामेंट की तैयारियों एवं आयोजन को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की। चर्चा के उपरांत श्री गुप्ता ने टीम के सदस्यों के साथ प्रतियोगिता स्थल का दौरा कर मैदान का निरीक्षण भी किया तथा आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

 

उल्लेखनीय है कि यह प्रतियोगिता पहले 15 नवंबर को आयोजित होनी थी, लेकिन तिथि में संशोधन करते हुए अब इसका आयोजन 29 नवंबर को निर्धारित किया गया है।

 

इस भव्य प्रतियोगिता में पहले पंजीकरण करवाने वाली 32 टीमों को ही भाग लेने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता केवल पुरुषों के लिए ओपन स्टाइल में आयोजित की जाएगी। इसमें प्रथम पुरस्कार 2 लाख रुपये तथा द्वितीय पुरस्कार 1 लाख रुपये रखा गया है। इसके अतिरिक्त सर्वश्रेष्ठ कैचर एवं रेडर को 21-21 हजार रुपये की नकद राशि से सम्मानित किया जाएगा।

 

प्रतियोगिता को लेकर पूरे क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इसमें कई नामी-गिरामी कबड्डी खिलाड़ियों के भाग लेने की उम्मीद है। दर्शकों के मनोरंजन और उत्साह को बढ़ाने के लिए कूपन के माध्यम से साइकिल सहित अनेक आकर्षक पुरस्कार निःशुल्क दिए जाएंगे। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों एवं दर्शकों के लिए भंडारे की व्यवस्था भी रहेगी। वहीं, विभिन्न कलाकारों एवं गायकों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।

प्रतियोगिता का विस्तृत पोस्टर जल्द ही जारी किया जाएगा, जिसमें आयोजन समिति द्वारा सभी नियमों एवं शर्तों की जानकारी साझा की जाएगी।

इस अवसर पर स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी के प्रधान डीपी सोनी, महासचिव एनडी शर्मा, उपप्रधान अशोक शर्मा, डीपी सिंगल, गौतम राणा, धर्मेंद्र संधू, ओम सिंह राणा, बलजिंदर गोयल, शंभूनाथ, देशराज पोसवाल, संदीप मैनपाल, राहुल, ओम प्रकाश शास्त्री, कृष्ण, रामलाल, जयचंद सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *