चण्डीगढ़ : पंजाबी संगीत जगत में एक बार फिर उस क्लासिक संगीत की गूंज सुनाई दी है, जिसने वर्षों से लोगों के दिलों में अपनी खास जगह बनाई हुई है। जस स्टूडियोज और प्रसिद्ध गीतकार शमशेर संधू की ओर से महान पंजाबी गायक सुरजीत बिंदरखिया को समर्पित नया गीत ‘यार बोलदा 2’ पेश किया गया है। रविवार को इस गीत का कैलेंडर भी जारी किया गया।
यह गीत उस मशहूर संगीत परंपरा की अगली कड़ी है, जिसके मूल बोल गीतकार शमशेर संधू ने लिखे थे और जिसे सुरजीत बिंदरखिया ने अपनी आवाज देकर इतिहास बना दिया था। अब इस गीत के नए संस्करण को गायक बिट्टू खन्नेवाला ने अपनी बुलंद आवाज में गाया है। इसका संगीत लाल कमल ने तैयार किया है, जबकि वीडियो का निर्देशन बीकेडब्ल्यू फिल्म्स की ओर से किया गया है।
‘यार बोलदा 2’ में पुराने गीत की भावनाओं को नई ऊर्जा और आधुनिक संगीत के साथ प्रस्तुत किया गया है। यह गीत उन सभी संगीत प्रेमियों के लिए श्रद्धांजलि है, जो सुरजीत बिंदरखिया की आवाज और शमशेर संधू के लिखे गीतों को सुनते हुए बड़े हुए हैं। साथ ही, यह नई पीढ़ी को भी पंजाबी संगीत की इस शानदार विरासत से जोड़ने का प्रयास है।
गौरतलब है कि दिवंगत गायक सुरजीत बिंदरखिया की बरसी 17 नवंबर को है। इस गीत में प्रसिद्ध अभिनेता दर्शन औलख ने भी अपनी भूमिका निभाई है।
इस अवसर पर प्रसिद्ध गायक बाई हरदीप ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि यह गीत श्रोताओं की कचहरी में खूब लोकप्रिय होगा और लोगों के दिलों में अपनी खास जगह बनाएगा।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध संगीत निर्देशक लाल कमल, गीतकार भट्टी भड़ीवाला, हरि ओम जलोटा, प्रसिद्ध पत्रकार जगतार सिंह भुल्लर, गीतकार बिंदी कलालमाजरा, जसबीर सिंह ढिल्लों सहित कई अन्य कला प्रेमी उपस्थित रहे।
