पंचकूला, 14 अप्रैल (रोमी सिंह/ रमोला न्यूज़)
महिलाओं में तेजी से बढ़ रही यूटेरिन फाइब्रॉइड्स की समस्या को लेकर जागरूकता बेहद जरूरी है, क्योंकि समय पर पहचान और सही इलाज से गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है। आधुनिक चिकित्सा तकनीकों, खासकर रोबोटिक सर्जरी के माध्यम से अब न सिर्फ इस बीमारी का प्रभावी इलाज संभव है, बल्कि कई मामलों में गर्भाशय को सुरक्षित रखते हुए महिलाओं की प्रजनन क्षमता भी बचाई जा सकती है। इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उदाहरण पेश करते हुए पारस हेल्थ पंचकूला के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने 34 वर्षीय महिला के गर्भाशय में मौजूद कई बड़े यूटेरिन फाइब्रॉइड्स का सफलतापूर्वक इलाज किया। इस जटिल सर्जरी की खास बात यह रही कि इलाज के दौरान महिला का गर्भाशय सुरक्षित रखा गया, जिससे उसकी भविष्य में मां बनने की संभावना भी बरकरार रही।
मरीज लंबे समय से गंभीर डिस्मेनोरिया (माहवारी के दौरान अत्यधिक दर्द) और पेल्विक प्रेशर की समस्या से जूझ रही थी, जिससे उसकी दैनिक जीवनशैली प्रभावित हो रही थी। जांच में सामने आया कि उसके गर्भाशय में लगभग 20 फाइब्रॉइड्स थे, जिनमें सबसे बड़ा आकार करीब 10×10 सेंटीमीटर था। अन्य अस्पतालों में जहां गर्भाशय निकालने की सलाह दी गई थी, वहीं पारस हेल्थ की टीम ने गर्भाशय सुरक्षित रखते हुए इलाज का विकल्प चुना।
डॉ. अम्बर अग्रवाल (सीनियर कंसल्टेंट, ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी) और डॉ. ईशान अल्लाहाबादी (सीनियर कंसल्टेंट, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी) की टीम ने एडवांस्ड दा विंची एक्सआई रोबोटिक सिस्टम की मदद से रोबोटिक मायोमेक्टॉमी प्रक्रिया को अंजाम दिया। इस तकनीक के जरिए बिना बड़े चीरे के अत्यधिक सटीकता के साथ सभी फाइब्रॉइड्स को हटाया गया।
सर्जरी पूरी तरह सफल रही और मरीज ने कुछ ही घंटों में सामान्य गतिविधियां शुरू कर दीं। अगले दिन उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अब मरीज पूरी तरह स्वस्थ है और उसके मासिक चक्र भी सामान्य हो गए हैं।
डॉ. अम्बर अग्रवाल ने बताया, इतने अधिक और बड़े फाइब्रॉइड्स के कारण यह केस काफी चुनौतीपूर्ण था। हमारा मुख्य उद्देश्य फाइब्रॉइड्स को हटाने के साथ-साथ महिला की प्रजनन क्षमता को सुरक्षित रखना था। रोबोटिक तकनीक की मदद से हम बिना बड़े चीरे के सटीक सर्जरी करने में सफल रहे, जिससे तेजी से रिकवरी संभव हो सकी।
पारस हेल्थ पंचकूला के फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ. पंकज मित्तल ने कहा, “यह सफलता हमारे अस्पताल में उपलब्ध आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञता का प्रमाण है। हम मरीजों को विश्व-स्तरीय इलाज के साथ-साथ उनके लंबे समय के स्वास्थ्य और जीवन लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
