वार्ड 11 से अनुराधा पुरी ने भरा नामांकन, सांसद रेखा शर्मा बोलीं—भाजपा विकास और विश्वास की पहचान

 

रोमी सिंह /रमोला न्यूज़

पंचकूला। नगर निगम चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सशक्त महिला उम्मीदवार अनुराधा पुरी ने वार्ड नंबर 11 से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ सांसद रेखा शर्मा पार्टी , ओम प्रकाश देवीनगर व कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। नामांकन के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला और समर्थकों ने नारेबाजी कर अपना समर्थन जताया।

नामांकन के बाद अनुराधा पुरी ने कहा कि उनका भाजपा से जुड़ाव लंबे समय से रहा है और पार्टी के सिद्धांतों के प्रति उनकी आस्था अटूट है। उन्होंने कहा, “मैं शुरू से भारतीय जनता पार्टी के साथ रही हूं और आगे भी पूरी निष्ठा के साथ पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाऊंगी। वार्ड नंबर 11 की हर छोटी-बड़ी समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल करना मेरा संकल्प है।” उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, सड़कें, पेयजल और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए वह पूरी तत्परता से काम करेंगी। साथ ही उन्होंने पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, वह उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी।

इस मौके पर सांसद रेखा शर्मा ने अनुराधा पुरी के नामांकन को लेकर कहा कि भाजपा हमेशा महिलाओं को सशक्त नेतृत्व देने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा, “अनुराधा पुरी एक कर्मठ और जमीनी कार्यकर्ता हैं, जो लंबे समय से संगठन से जुड़ी हुई हैं। पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार बनाकर एक मजबूत संदेश दिया है कि भाजपा विकास के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण को भी प्राथमिकता देती है।”

रेखा शर्मा ने आगे कहा कि नगर निगम चुनाव में भाजपा के सभी उम्मीदवार विकास, पारदर्शिता और जनसेवा के एजेंडे के साथ मैदान में हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता भाजपा के कार्यों और नीतियों पर भरोसा जताते हुए पार्टी को भारी समर्थन देगी।

नामांकन के दौरान मौजूद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी अनुराधा पुरी के समर्थन में एकजुटता दिखाई और उन्हें जीत दिलाने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम में भाजपा की संगठनात्मक मजबूती और चुनावी तैयारियों की झलक साफ दिखाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *