ब्रह्मखाल / रमोला न्यूज़
भंडारस्यू पट्टी के पटारा गांव में हर वर्ष आयोजित होने वाला नागराजा का मेला उत्साह उमंग और श्रद्धा के साथ सम्पन्न हो गया। ग्रामीणों ने अपने आराध्य नागराजा देवता को दूध से नहलाया और पीत अक्षत के साथ पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर गांव की ध्याणियों ने भी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर अपने मायके के आराध्य को श्रद्धा के पुष्प और पीत वस्त्र भेंट कर मन्नतें मांगी। गांव के बाल बृद्ध और युवाओं ने इस मेले को एक उत्सव की तरह मनाया और अपने आराध्य नागराजा को पालकी पर बिठा कर कंधों पर नचाया। गांव के इस मेला स्थल पर ग्रामीणों ने रासू तांदी और स्थानीय नृत्य के साथ माहौल को भक्तिमय बना दिया। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक विजल्वाण भी उपस्थित रहे और उन्होंने ग्रामीणों को मेले की शुभकामनाएं देते हुये कहा कि ये थौलू मेले हमारी संस्कृति के प्रतीक हैं जो आपसी भाईचारे के साथ गांव को एक सूत्र में बांधते हैं। उन्होंने मंदिर पुनर्थोन के लिए एक लाख देने का वादा किया। इस दौरान प्रधान संघ के प्रदेश महामंत्री कृपाल सिंह भी मौजूद रहे और नागराजा को इक्कीस हजार की भेंट चढ़ाई । ग्राम प्रधान ने अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया और गांव की प्रगति और सुख सम्पन्नता के लिए आशीर्वाद मांगा।
