कोमल रमोला/ रमोला न्यूज़
पंचकूला।
नगर निगम चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, पंचकूला में चुनावी सरगर्मियां भी तेज होती जा रही हैं। सभी राजनीतिक दलों के प्रत्याशी जनता के बीच पहुंचकर समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी श्रीमती सुधा भारद्वाज ने सोमवार को पूरे दिन विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से संवाद किया और कांग्रेस के पक्ष में समर्थन मांगा।
सुधा भारद्वाज ने अपने दिन की शुरुआत सुबह 6 बजे यवनिका पार्क से की, जहां उन्होंने मॉर्निंग वॉक पर आए नागरिकों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शहर के विकास, स्वच्छता, ट्रैफिक, पार्किंग और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की तथा लोगों की समस्याएं सुनीं।
इसके बाद उन्होंने पंचकूला के एक स्थानीय होटल में आयोजित महिला सभा में भाग लिया और महिलाओं से विस्तृत संवाद किया। महिला सभा को संबोधित करते हुए सुधा भारद्वाज ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण जैसे अहम मुद्दों को लंबे समय से नजरअंदाज किया गया है। कांग्रेस की प्राथमिकता महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और अवसरों से भरपूर वातावरण उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम में कांग्रेस की जीत के बाद महिलाओं से जुड़े हर मुद्दे को गंभीरता से लिया जाएगा और उनके हितों की रक्षा के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
इसके उपरांत सुधा भारद्वाज ने वार्ड नंबर-16 के बीड़ गगर क्षेत्र में घर-घर जाकर जनसंपर्क किया। इस दौरान स्थानीय निवासियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और कांग्रेस के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
तत्पश्चात उन्होंने सेक्टर-23 स्थित श्री राम मंदिर में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पंचकूला की जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस को हर वर्ग से भरपूर समर्थन मिल रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि नगर निगम चुनाव में कांग्रेस शानदार जीत दर्ज करेगी और पंचकूला को विकास की नई दिशा देगी।
पूरे दिन चले जनसंपर्क अभियान के दौरान जनता का उत्साह और समर्थन कांग्रेस के पक्ष में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
इस अवसर पर पायल सोढी, अंजू, लाजवंती देवी, गीता कांगड़ा, इंदु बाला, चंचल शर्मा, मुनीर बेगम, वीणा गोयल, शारदा कठपालिया, शालिका खुराना, अलका जाखड़, सुषमा खन्ना सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
कांग्रेस मेयर प्रत्याशी सुधा भारद्वाज ने प्रचार में झोंकी पूरी ताकत, मिल रहा भरपूर जनसमर्थन
