पंचकूला में स्व-गणना अभियान को मिला शानदार प्रतिसाद – उपायुक्त सतपाल शर्मा

 

रोमी सिंह /रमोला न्यूज़

पंचकूला, 30 अप्रैल – उपायुक्त एवं मुख्य जनगणना अधिकारी श्री सतपाल शर्मा ने स्व-गणना (Self Enumeration) में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए जिलावासियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि पंचकूला में 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक सरकार द्वारा स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध करवाई गई थी, जिसमें जिले के 10,931 लोगों ने भाग लिया। यह व्यापक जनभागीदारी और जागरूकता का प्रतीक है।

 

उपायुक्त ने कहा कि विशेष रूप से युवाओं में स्व-गणना के प्रति अत्यंत उत्साह देखने को मिला है।

 

उन्होंने आगे बताया कि 1 मई से राज्यभर में वास्तविक हाउस लिस्टिंग एवं जनगणना कार्य प्रारंभ किए जाएंगे। उन्होंने जिलावासियों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में आने वाले प्रगणकों (Enumerators) एवं पर्यवेक्षकों (Supervisors) का पूर्ण सहयोग करें और उन्हें सही, सटीक एवं अद्यतन जानकारी प्रदान करें।

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों द्वारा दी गई समस्त जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा इसे किसी भी व्यक्ति या संस्था के साथ साझा नहीं किया जाएगा।

उपायुक्त ने कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय दायित्व है, जिसके माध्यम से प्रत्येक नागरिक देश के विकास, नीतिनिर्धारण एवं संसाधनों के न्यायसंगत वितरण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करता है। उन्होंने यह भी बताया कि जनगणना कर्मियों को आवश्यक जानकारी देने से इनकार करना या सहयोग न करना जनगणना अधिनियम के अंतर्गत दंडनीय अपराध है।

 

उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपनी जनगणना अवश्य करवाएं।

 

उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा जनगणना संचालन के लिए व्यापक और उत्कृष्ट तैयारियां की गई हैं तथा व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित हैं। उन्होंने कहा कि प्रगणक एवं पर्यवेक्षक जनगणना प्रक्रिया के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और उनसे अपेक्षा की जाती है कि वे पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

 

उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी प्रगणक, पर्यवेक्षक अथवा नागरिक को किसी प्रकार की समस्या आती है, तो वे अपने संबंधित पर्यवेक्षक या तहसीलदार से संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, जनगणना विभाग का हेल्पलाइन नंबर 1855 भी जारी किया गया है, जिस पर कोई भी नागरिक, प्रगणक या पर्यवेक्षक अपनी समस्या दर्ज करवा सकता है। प्रत्येक शिकायत पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *