तरुण भंडारी के नेतृत्व में तेज हुआ चुनावी अभियान, वार्ड 13 से गूंजा जीत का ‘महामंत्र’

कोमल रमोला /रमोला न्यूज़

पंचकूला, : पंचकूला में नगर निगम चुनावों को लेकर सियासी सरगर्मियां अपने चरम पर पहुंच गई हैं। इसी बीच वरिष्ठ राजनीतिक रणनीतिकार तरुण भंडारी के नेतृत्व में चल रहा जनसंपर्क अभियान लगातार गति पकड़ता नजर आ रहा है। गांवों और विभिन्न वार्डों में सक्रिय संपर्क के बाद अब वार्ड नंबर 13 इस अभियान का केंद्र बन गया है, जहां से चुनावी बिगुल जोरदार तरीके से फूंका गया।
अभियान की शुरुआत गांव हरिपुर से की गई, जहां तरुण भंडारी ने कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जाकर लोगों से संवाद स्थापित किया। इस दौरान ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा की। लोगों ने आगामी चुनाव में समर्थन देने का भरोसा भी जताया।
इसके पश्चात गांव रेली के वार्ड नंबर 11 में प्रत्याशी अनुराधा पुरी के समर्थन में सघन डोर-टू-डोर अभियान चलाया गया। इस दौरान महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को समझा गया और समाधान का आश्वासन दिया गया। क्षेत्र में अभियान को लेकर उत्साह साफ तौर पर देखा गया।
वार्ड नंबर 12 में राकेश जगोटा के पक्ष में जनसंपर्क अभियान को और मजबूती मिली। तरुण भंडारी और उनकी टीम ने घर-घर जाकर मतदाताओं से मुलाकात की और विकास की योजनाओं को साझा किया। नागरिकों के बीच सकारात्मक माहौल और समर्थन की भावना स्पष्ट नजर आई।
वार्ड 13 बना अभियान का केंद्र
अभियान के तहत वार्ड नंबर 13 में प्रत्याशी दीपक गर्ग के कार्यालय में कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस दौरान तरुण भंडारी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए चुनाव जीतने का ‘महामंत्र’ दिया।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि चुनाव केवल प्रत्याशी नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर काम करने वाले समर्पित कार्यकर्ता जीतते हैं। उन्होंने आह्वान किया कि हर कार्यकर्ता “दीपक गर्ग” बनकर घर-घर पहुंचे और जनता से सीधा संवाद स्थापित करे। उनके संबोधन के दौरान कार्यकर्ताओं के जोशीले नारों से माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।
रणनीति से जीत की तैयारी
तरुण भंडारी ने बैठक में बूथ स्तर की सुदृढ़ रणनीति पर जोर देते हुए बताया कि प्रत्येक बूथ पर संगठन को मजबूत करना ही जीत की कुंजी है। उन्होंने विपक्ष की रणनीतियों का प्रभावी जवाब देने और जनता के विश्वास को मतों में बदलने पर विशेष बल दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि साफ छवि और कार्यकर्ताओं की मेहनत से इस चुनाव में निर्णायक बढ़त हासिल होगी।
प्रत्याशी ने जताया आभार
इस अवसर पर दीपक गर्ग ने तरुण भंडारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से टीम में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे वार्ड नंबर 13 की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे और क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगे।
अंत में तरुण भंडारी ने कहा कि जनता का अपार समर्थन इस बात का संकेत है कि इस बार परिवर्तन तय है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पूरी ताकत के साथ चुनाव अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *