कोमल रमोला/ रमोला न्यूज़
पंचकूला।पंचकूला नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी सुधा भारद्वाज ने आज अपने चुनाव प्रचार अभियान का जोरदार समापन किया। प्रचार के अंतिम दिन उन्होंने विभिन्न जनसभाओं और संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूरे चुनाव अभियान के दौरान उन्हें पंचकूला के हर वार्ड, गांव और गली में अपार प्रेम, सहयोग और समर्थन मिला।
अपने संबोधन में सुधा भारद्वाज ने कहा कि प्रचार अभियान के दौरान उन्हें महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों से मिलने का अवसर मिला और हर वर्ग की जुबान पर एक ही बात सुनने को मिली — “अब बदलाव चाहिए।” उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार की दमनकारी नीतियों से जनता पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है और लोग अब पंचकूला में कांग्रेस की नगर निगम सरकार बनाना चाहते हैं, ताकि शहर का सर्वांगीण और पारदर्शी विकास सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंचकूला नगर निगम का पैसा घोटालों की भेंट चढ़ रहा है। भाजपा पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि यह सरकार वोटों की चोरी कर सत्ता हासिल करती है और फिर जनता का शोषण करती है। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में गार्बेज डंपिंग, सीवरेज व्यवस्था और पेयजल जैसी मूलभूत समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, लेकिन सरकार इन समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
सुधा भारद्वाज ने कहा कि जनता से हाउस टैक्स, गार्बेज टैक्स और अन्य शुल्कों के नाम पर भारी भरकम वसूली की जा रही है, जबकि बदले में लोगों को बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार जनता अपने वोट की ताकत से भाजपा को करारा जवाब देगी।
अंत में उन्होंने पंचकूला वासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस प्रकार लोगों ने उन्हें प्रेम, स्नेह, सहयोग और समर्थन दिया है, वह उसके लिए सदैव ऋणी रहेंगी। उन्होंने जनता से कांग्रेस को विजयी बनाने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि यदि उन्हें सेवा का अवसर मिला तो वह बिना किसी भेदभाव के पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ पंचकूला के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करेंगी।
