रवांई पृथक जनपद निर्माण को लेकर पुरोला में विशाल रैली, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

तिलकचंद रमोला/ रमोला न्यूज़

नौगांव : रवांई पृथक जनपद निर्माण की मांग को लेकर संघर्ष समिति द्वारा सोमवार को पुरोला में विशाल रैली एवं प्रदर्शन आयोजित किया गया। तीनों न्याय पंचायतों में जनप्रतिनिधियों और आम जनता से रायशुमारी के बाद संघर्ष समिति के संयोजक प्रकाश कुमार एवं अध्यक्ष बलदेव असवाल के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने मुख्य बाजार पुरोला में जोरदार रैली निकालकर सरकार से शीघ्र पृथक रवांई जनपद की घोषणा करने की मांग उठाई।
रैली खेल मैदान पुरोला से शुरू होकर कुमोला रोड, नगर क्षेत्र, मोरी रोड़ और मुख्य बाजार होते हुए तहसील परिसर पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने “पृथक रवांई जनपद बनाओ” के नारों के साथ सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
तहसील परिसर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने तहसीलदार कमल सिंह राठौर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में कहा गया कि रवांई क्षेत्र लंबे समय से भौगोलिक, प्रशासनिक और विकासात्मक उपेक्षा का शिकार रहा है। क्षेत्र की दुर्गम परिस्थितियों के कारण आम जनता को जिला मुख्यालय उत्तरकाशी तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
संघर्ष समिति ने मांग की कि मोरी, पुरोला और नौगांव विकासखंडों को शामिल करते हुए पृथक रवांई जनपद का गठन किया जाए, ताकि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास में तेजी लाई जा सके तथा प्रशासनिक कार्यों में सुगमता आए।
समिति पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। साथ ही बताया गया कि पुरोला के बाद अब मोरी और नौगांव क्षेत्र में भी रायशुमारी एवं जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।
रैली में संघर्ष समिति संयोजक प्रकाश कुमार, अध्यक्ष बलदेव असवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह चौहान, पूर्व विधायक मालचंद, नगर पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह, श्वेता राजकुमार, गोपाल सिंह चौहान, अंकित पंवार, सुरेंद्र देवजानी, जगमोहन नौडियाल, अम्मीचंद शाह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *