देवभूमि लाखामंडल में 108 सेवा और डॉक्टर की मांग को लेकर स्वास्थ्य मंत्री से मिले भाजपा नेता

तिलक चंद रमोला/ रमोला न्यूज़ न्यूज़

नौगांव: चकराता विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत देवभूमि लाखामंडल में स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को लेकर भाजपा वरिष्ठ नेता बचना शर्मा एवं पूर्व युवा मोर्चा मीडिया प्रभारी ओमप्रकाश ने उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से उनके निजी आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लाखामंडल क्षेत्र में 108 एंबुलेंस सेवा एवं डॉक्टर की स्थायी व्यवस्था किए जाने संबंधी प्रार्थना पत्र सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को अवगत कराया कि देवभूमि लाखामंडल से लगभग 200 गांव जुड़े हुए हैं, लेकिन आज तक क्षेत्र में 108 सेवा और डॉक्टरों की समुचित व्यवस्था नहीं हो पाई है। इसके चलते क्षेत्रवासियों को मामूली उपचार के लिए भी देहरादून और विकासनगर जाना पड़ता है। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को डिलीवरी के समय भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है और कई बार रास्ते में ही गंभीर स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
उन्होंने बताया कि लाखामंडल धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जहां पूरे वर्ष श्रद्धालुओं और यात्रियों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में डॉक्टरों की अनुपलब्धता के कारण यात्रियों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्रवासियों की मांग पर स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर भाजपा वरिष्ठ नेता बचना शर्मा, ओमप्रकाश पर्व, दीवान सिंह चौहान, बाबूराम शर्मा, डबलू आर्य, घनश्याम पीरू आर्य एवं शर्मिला आकाश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *