रमोला न्यूज नौगांव: बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी और विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक मामलों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। कांग्रेस ने रविवार को उत्तरकाशी जिला मुख्यालय सहित बड़कोट और पुरोला में जोरदार प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
उत्तरकाशी जिला मुख्यालय में प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत ने किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण आम जनता, व्यापारी और युवा वर्ग परेशान हैं। लगातार बढ़ रही महंगाई से लोगों का घरेलू बजट बिगड़ गया है, जबकि पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है।
पुरोला में ब्लॉक अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल साबित हो रही है और भर्ती परीक्षाओं में हो रहे घोटालों से युवाओं का भरोसा टूट रहा है।
वहीं बड़कोट में ब्लॉक अध्यक्ष पवन पंवार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला दहन कर विरोध जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार से महंगाई पर नियंत्रण और पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रदर्शन में कई कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
महंगाई और पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन
