मुंबई कौथीग में विधायक दुर्गेश्वर लाल का भावनात्मक संबोधन

तिलक चंद रमोला नौगांव उत्तरकाशी : मुंबई कौथीग के भव्य मंच पर उत्तरकाशी जनपद की पुरोला विधानसभा से पहुंचे विधायक दुर्गेश्वर लाल ने प्रवासी उत्तराखंडवासियों को भावनात्मक अंदाज में संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने किसी राजनीतिक गतिविधि या भाषण की बजाय अपने जीवन संघर्ष, जनता के विश्वास और उत्तराखंड के विकास को लेकर अपनी सोच साझा की।
उन्होंने कहा कि वे बेहद साधारण और जमीनी परिवार से आते हैं तथा उनके परिवार का राजनीति से कोई विशेष संबंध नहीं रहा। पुरोला विधानसभा की जनता ने वर्षों से पारंपरिक राजनीति देखी और बदलाव की उम्मीद के साथ उन्हें अपना जनप्रतिनिधि चुना। उन्होंने कहा कि जनता का यह आशीर्वाद आगे भी उन पर बना रहेगा।
विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कहा कि आज वे जिस स्थान पर खड़े हैं, वह केवल पुरोला विधानसभा की सम्मानित जनता के विश्वास और समर्थन का परिणाम है। उन्होंने प्रवासी उत्तराखंडवासियों से आशीर्वाद मांगते हुए कहा कि वे अपने कार्यों से जनता के बीच एक आदर्श जनप्रतिनिधि बनने का प्रयास करेंगे।
अपने चार वर्षों के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शुरुआती दो वर्ष उन्हें शासन-प्रशासन और विभागीय कार्यप्रणाली को समझने में लगे। अब उन्हें विकास कार्यों को धरातल पर उतारने का अनुभव प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि पुरोला विधानसभा सीमांत और भौगोलिक दृष्टि से बेहद चुनौतीपूर्ण क्षेत्र है, जहां सड़कें तो बनी हैं लेकिन उनकी स्थिति बेहतर नहीं थी। इन व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना है। प्रवासी उत्तराखंडवासियों से उन्होंने आग्रह किया कि वे उनके कार्यों की जानकारी पुरोला विधानसभा की जनता से भी प्राप्त कर सकते हैं।
अपने संबोधन के अंत में विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुंबई कौथीग की सराहना करते हुए कहा कि यहां आकर ऐसा महसूस होता है मानो सागर किनारे पूरा हिमालय खड़ा हो गया हो। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडवासियों द्वारा अतिथियों को दिया जाने वाला सम्मान और अपनापन जीवनभर याद रहने वाला अनुभव है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे हर वर्ष मुंबई कौथीग में पहुंचकर आप सभी का आशीर्वाद लेते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उत्तराखंड के विकास की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि युवा नेतृत्व के कारण आज उत्तराखंड विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *