नशा और अश्लीलता समाज को खोखला कर रहे हैं : आचार्य प्रशांत

सोनिका भाटिया/ रमोला न्यूज
पंचकूला :युवाओं में बढ़ते नशे के चलन पर चिंता जताते हुए आचार्य प्रशांत ने कहा कि युवा शक्ति को सही दिशा देना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि जब युवाओं को जीवन में स्पष्ट उद्देश्य नहीं मिलता, तब वे भटकाव और नशे जैसी प्रवृत्तियों की ओर बढ़ने लगते हैं। उन्होंने कहा कि केवल कानून या डर से नहीं, बल्कि सही शिक्षा, समझ और आत्मबोध से इस समस्या का समाधान निकलेगा।

आचार्य प्रशांत ने फिल्मों, गानों और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर बढ़ती अश्लीलता और महिलाओं के प्रति अपमानजनक भाषा पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मनोरंजन के नाम पर समाज में गलत सोच और असंवेदनशीलता फैलाना बेहद खतरनाक है। कला और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अर्थ यह नहीं कि महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाई जाए या अभद्रता को सामान्य बना दिया जाए।

पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों और ऊर्जा संकट पर उन्होंने कहा कि आज का उपभोक्तावादी जीवन इंसान को भीतर और बाहर दोनों स्तरों पर असंतुलित कर रहा है। जरूरत से ज्यादा उपभोग और दिखावे की संस्कृति आने वाले समय में बड़े संकट खड़े कर सकती है। उन्होंने संयम और संतुलित जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों से लोग पहुंचे। आयोजकों के अनुसार, एक हजार से अधिक लोग कार्यक्रम में शामिल हुए, जबकि एक लाख से ज्यादा लोगों ने इसे ऑनलाइन देखा। सूफी भजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला।

अपने संबोधन में आचार्य प्रशांत ने कठोपनिषद के श्लोकों के माध्यम से जीवन, मृत्यु, भय, तनाव और आत्मज्ञान जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि अध्यात्म जीवन से भागने का नहीं, बल्कि स्वयं को समझने का मार्ग है। प्रश्नोत्तर सत्र में लोगों ने राजनीति, करियर, रिश्तों, मानसिक तनाव और सामाजिक दबाव से जुड़े सवाल पूछे, जिनका उन्होंने बेबाकी से जवाब दिया।

गौरतलब है कि आचार्य प्रशांत 30 मई को यूनिवर्सिटी ऑफ कैम्ब्रिज में विशेष व्याख्यान देने वाले हैं। इसे भारतीय दर्शन और आत्मज्ञान की वैश्विक स्तर पर बढ़ती स्वीकार्यता के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *