वरिष्ठ पत्रकार बलविंदर जम्मू के बेटे गगनदीप जम्मू पर जानलेवा हमला, बाल-बाल बचे

 

चंडीगढ़ : (हरमिंदर नागपाल/ रमोला न्यूज़)वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के पूर्व सदस्य बलविंदर जम्मू के बेटे गगनदीप जम्मू मंगलवार को कुराली के पास उस समय एक कथित जानलेवा हमले में बाल-बाल बच गए, जब अज्ञात हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर फायरिंग कर दी।

गगनदीप जम्मू, जो वरिष्ठ अधिवक्ता हैं और पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व मानद सचिव रह चुके हैं, इस हमले में सुरक्षित रहे और उन्हें कोई चोट नहीं आई।

इस घटना के बाद कानूनी जगत में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सदस्यों ने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और वकीलों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

बार एसोसिएशन के मानद सचिव रणप्रीत सिंह बाजवा (हैरी) ने एक बयान में इस हमले को “कायरतापूर्ण और जघन्य” बताया।

उन्होंने कहा कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन संस्था के पूर्व मानद सचिव गगनदीप जम्मू पर हुए कायरतापूर्ण और जघन्य हमले की कड़ी निंदा करता है। उन्हें जान से मारने की नीयत से गोलियां चलाई गईं। सौभाग्य से वह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

बाजवा ने आगे कहा कि इस प्रकार की आपराधिक घटनाएं केवल किसी एक वकील पर हमला नहीं हैं, बल्कि यह कानूनी पेशे की गरिमा, स्वतंत्रता और निर्भीक कार्यप्रणाली पर सीधा हमला हैं।

उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में बार एसोसिएशन गगनदीप जम्मू और उनके परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

बार एसोसिएशन ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मांग की कि आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए, सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और अधिवक्ताओं को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की जाए ताकि वे बिना किसी भय और दबाव के अपने पेशेवर दायित्व निभा सकें।

बयान में कहा गया कि पूरा बार समुदाय हिंसा और कानूनहीनता की ऐसी घटनाओं के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *