रोमी सिंह /रमोला न्यूज़
पंचकूला,
पंचकूला जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण, लगातार बढ़ती महंगाई तथा पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में जिला अध्यक्ष संजय चौहान की अगुवाई में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के उपरांत उपायुक्त महोदय के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति महोदया के नाम ज्ञापन सौंपकर जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित किया गया।
इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए कहा कि आज देश का युवा, किसान, मजदूर, व्यापारी और आम नागरिक महंगाई एवं भ्रष्टाचार की मार झेल रहा है। नीट परीक्षा पेपर लीक जैसी घटनाओं ने देश के लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है, जिससे युवाओं में भारी रोष व्याप्त है।
इस अवसर पर बोलते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। लगातार बढ़ती पेट्रोल-डीजल की कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, जिसके कारण खाद्य पदार्थों एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।
वहीं कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री सुधा भारद्वाज ने कहा कि बढ़ती महंगाई और भ्रष्टाचार ने आमजन का जीवन बेहद कठिन बना दिया है। आज हर वर्ग आर्थिक दबाव में जीने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता की समस्याओं के प्रति गंभीरता दिखाते हुए तुरंत प्रभावी कदम उठाने चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव जनता के हितों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा। इस प्रदर्शन के दौरान संजीव भारद्वाज पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, पूर्व विधायक लहरी सिंह, रविंदर रावल ,विजय, सुनील कुमार, गौतम प्रसाद ,अनिल कुमार ,
जसविंदर सिंह ,गुरभाग सिंह ,
रेखा शर्मा,दर्शन सिंह ,
सुरजीत सिंह,नवीन गोयल,
नरेश मान ,भूरी बेगम,
वेद चौधरी, रजनीश सिंगला,
एडवोकेट माला सिंह नागरा ,
रोशन लाल जागलान , किशन, बलजीत सिंह एवं सैकड़ो की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
